Rajasthan: धार्मिक स्थल पर रेलिंग विवाद मामले में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी समेत 19 लोग गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

post 873

Rajasthan: धार्मिक स्थल पर रेलिंग विवाद मामले में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी समेत 19 लोग गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

Chomu Violence Case: चौमूं शहर में धार्मिक स्थल के बाहर रेलिंग लगाए जाने को लेकर गुरुवार रात भड़के विवाद के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। शनिवार को पुलिस ने मुख्य आरोपियों सहित कुल 19 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, राजकार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमले जैसी गंभीर धाराओं में 35 नामजद सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। हालात को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन इंटरनेट सेवाएं रविवार सुबह सात बजे तक बंद रखने का निर्णय लिया। इस बीच आरएसी की कंपनियों, स्पेशल टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस बल ने चौमूं थाने से अशोक प्लाजा होते हुए इमाम चौक तक फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और शांति बनाए रखने की अपील की।

हालात हो रहे सामान्य:-

घटना के दूसरे दिन शनिवार को चौमूं शहर में स्थिति सामान्य होती नजर आई। बाजार खुले रहे और आमजन अपनी दिनचर्या में लौटता दिखाई दिया, हालांकि तनाव की हल्की स्थिति बनी रही। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

बस स्टैंड, रावण गेट, लक्ष्मीनाथ चौक और इमाम चौक पर देर रात तक पुलिस का पहरा रहा। शनिवार को एडीसीपी राजेश गुप्ता और एसीपी (आईपीएस) उषा यादव सहित वरिष्ठ अधिकारियों की लगातार बैठकें चलीं। वहीं, शुक्रवार को हिरासत में लिए गए करीब 125 उपद्रवियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जिनमें से 19 लोगों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।

कैसे भड़का विवाद:-

चौमूं बस स्टैंड स्थित धार्मिक स्थल के सामने वर्षों से पड़े पत्थरों को हटाने को लेकर समुदाय विशेष से सहमति बनी थी। गुरुवार देर शाम कार्रवाई के दौरान धार्मिक स्थल के आगे गाटर डालकर रेलिंग लगाए जाने से विवाद खड़ा हो गया। रेलिंग हटाने की मांग को लेकर लोग आक्रोशित हो गए और पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागे गए।

बस स्टैंड पर कड़ी निगरानी:-

पुलिस ने धार्मिक स्थल के बाहर से रेलिंग का सामान अपनी निगरानी में हटवाया। एहतियात के तौर पर वाटर कैनन और दंगा नियंत्रण वाहन तैनात किए गए। इस दौरान तमाशबीनों की भीड़ बार-बार जमा होती रही, जिसे पुलिस बल ने हटाया।

गिरफ्तार आरोपी:-

पुलिस ने विभिन्न मोहल्लों से मुख्तार अली, आकिब, मोहसीन खान, जहीन खान, अरबाज, ताहिर आलम, फरदीन, फैजान खान, जावेद खान, उमर बेग, हैदर अली, समीर, आबिद, शाहरूख, सलमान, कामरान, जाबाज, जावेद कुरैशी और वसीम कुरैशी को गिरफ्तार किया है।

घायल पुलिसकर्मियों का करवाया मेडिकल:-

पथराव की घटना में चौमूं थाने के कांस्टेबल संजय, गोवर्धन, मदन, हेड कांस्टेबल बलवीर, अमीचंद सहित हरमाड़ा, दौलतपुरा और आमेर क्षेत्र के कुल 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी का राजकीय उप जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया।

पुलिस का बयान:-

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य की तलाश जारी है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।