Rajasthan: जमीन में गड़ा सोना दिखाकर ठगी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
जयपुर। जमीन में गड़ा सोना मिलने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पुलिस थाना खोरा बीसल ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो किलो नकली सोना, चांदी जैसी धातु के सिक्के, नकदी और अन्य सामग्री बरामद की है।
आरोपी एक व्यक्ति को दो किलो नकली सोना देकर करीब 15 लाख रुपये ठगने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपियों पर पूर्व में भी इसी तरह की ठगी की वारदातों में शामिल रहने का संदेह है। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
ठगी की साजिश नाकाम:-
डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि सूचना मिलने पर सोमवार को थाना खोरा बीसल के थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। बैनाड़ फाटक के पास सक्रिय इस गैंग के सदस्य जमीन में गड़ा सोना मिलने की कहानी बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।
आरोपी जेसीबी मशीन से खुदाई के दौरान सोना मिलने का नाटक कर पहले पीड़ित को नकली सोने का छोटा टुकड़ा दिखाते थे। इसी तरीके से आरोपियों ने पीड़ित प्रकाश चंद मीणा से पहले 10 हजार रुपये ठगे और बाद में दो किलो नकली सोना दिखाकर 15 लाख रुपये ऐंठने की योजना बना रहे थे, लेकिन वारदात से पहले ही पुलिस ने दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया।
अन्य वारदातों की जांच जारी:-
पुलिस ने मामले में मालसिंह (58) निवासी भट्टागांव सिंहरा थाना सदर बाजार, झांसी (उत्तर प्रदेश), सूरज सोलंकी (29) निवासी सिकंदरा आगरा (उत्तर प्रदेश) और शांति देवी (35) निवासी पंकी कानपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। तीनों फिलहाल खानाबदोश रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रह रहे थे।
आरोपियों के खिलाफ थाना खोरा बीसल में मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में ठगी से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा होगा।


