Rajasthan: पत्नी के अवैध संबंध होने पर टोका तो प्रेमी ने दी धमकी, आहत पति ने उठाया खौफनाक कदम

post 1134 (1)

Rajasthan : बाड़मेर जिले के चौहटन थाना क्षेत्र के मंगलासर कोनरा गांव में 12 मार्च को हुई सवाईराम की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में मामला पारिवारिक कलह और अवैध संबंधों से जुड़ा हुआ सामने आया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितिश आर्य के निर्देशन और वृत्ताधिकारी जेठाराम मेघवाल के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

पत्नी और प्रेमी दोनों गिरफ्तार:-

पुलिस के अनुसार, इस मामले में मृतक की पत्नी समदा और उसके कथित प्रेमी शकरदीन को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (दुष्प्रेरणा) का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों में शकरदीन पुत्र हाजी मोहिब खान निवासी कोनरा और समदा पत्नी सवाईराम मेघवाल निवासी मंगलासर कोनरा शामिल हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

भाई ने जताई थी साजिश की आशंका:-

जानकारी के मुताबिक 12 मार्च को मृतक के भाई मदन पुत्र कचराराम मेघवाल ने चौहटन थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने अपने भाई की मौत को संदिग्ध बताते हुए पत्नी समदा और उसके कथित प्रेमी शकरदीन पर संदेह जताया था। परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की, जिसकी जिम्मेदारी थानाधिकारी ललित किशोर को सौंपी गई।

अवैध संबंधों को लेकर चल रहा था विवाद:-

पुलिस जांच में सामने आया कि समदा और शकरदीन के बीच कथित अवैध संबंधों को लेकर सवाईराम ने विरोध जताया था। इसी वजह से परिवार में लगातार तनाव बना हुआ था। घटना वाले दिन भी सवाईराम और दोनों आरोपियों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इस दौरान शकरदीन ने सवाईराम को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

मानसिक दबाव में उठाया कदम:-

पुलिस के मुताबिक इसी धमकी और लगातार मानसिक तनाव से आहत होकर सवाईराम ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दुष्प्रेरणा का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल वृत्ताधिकारी जेठाराम मेघवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।