Rajasthan Board Exam 2026: RBSE ने लिया बड़ा फैसला, नजदीकी रिश्तेदार परीक्षा दे रहे हों तो कार्मिक की बोर्ड ड्यूटी पर रोक, पढ़े पूरी खबर

Rajasthan Board Exam 2026: RBSE ने लिया बड़ा फैसला, नजदीकी रिश्तेदार परीक्षा दे रहे हों तो कार्मिक की बोर्ड ड्यूटी पर रोक, पढ़े पूरी खबर

अजमेर। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की 12 फरवरी से शुरू होने वाली दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं में इस बार कड़े सुरक्षा और अनुशासन नियम लागू किए गए हैं। परीक्षा के दौरान नकल रोकने और किसी भी तरह के भाई-भतीजावाद से बचने के लिए परीक्षा केन्द्र पर वीक्षक नियुक्ति में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।

यदि किसी वीक्षक का साला-साली, भांजा-भांजी या कोई अन्य नजदीकी रिश्तेदार परीक्षा दे रहा हो, तो उस वीक्षक को संबंधित परीक्षा केन्द्र पर ड्यूटी नहीं दी जाएगी। इसके अलावा, जिस विषय की परीक्षा होगी, उस दिन संबंधित विषय के शिक्षक की भी ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी।

वीक्षकों के ड्यूटी कक्ष रोजाना बदलेंगे और उन्हें परीक्षा शुरू होने से पहले यह जानकारी नहीं दी जाएगी कि उनकी ड्यूटी किस कक्ष में है।

ऐसे शिक्षकों की नहीं लगेगी ड्यूटी:-

यदि किसी केन्द्र पर केन्द्राधीक्षक, अतिरिक्त केन्द्राधीक्षक, वीक्षक, पर्यवेक्षक या अन्य कार्मिक के पुत्र-पुत्री, भाई-बहन, पति-पत्नी, पौत्र-पौत्री, साला-साली, भांजा-भांजी या चचेरा भाणेज-भाणीज आदि परीक्षा दे रहे हैं, तो उन्हें परीक्षा कार्य के लिए नियुक्त नहीं किया जाएगा। इसके अलावा, यदि किसी केन्द्राधीक्षक या अतिरिक्त केन्द्राधीक्षक का निकट संबंधी परीक्षा दे रहा हो, तो इसकी जानकारी बोर्ड और जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित रूप में देनी अनिवार्य है।

परीक्षा के दौरान केन्द्र पर नियुक्त कार्मिकों को किसी बाहरी व्यक्ति से मिलने या केन्द्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही, जिन केन्द्रों पर छात्राएं परीक्षा दे रही हैं, वहां कम से कम दो महिला वीक्षकों की नियुक्ति करना अनिवार्य किया गया है।

Scroll to Top