राजस्थान: चलती ट्रेवल्स बस में लगी भीषण आग, मिनटों में जलकर हुई खाक, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
राजस्थान: उदयपुर जिले के सलूम्बर उपखंड के झल्लारा क्षेत्र में रविवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया। यात्रियों से भरी एक ट्रेवल्स बस अचानक आग की चपेट में आ गई। घटना सलूम्बर-बांसवाड़ा मुख्य मार्ग पर सुबह करीब छह बजे हुई। राहत की बात यह रही कि चालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते नीचे उतार लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस अपने तय रूट पर जा रही थी, तभी अचानक वाहन के पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की। चालक ने शीशे में धुआं और लपटें देखीं तो तुरंत बस रोककर यात्रियों को सतर्क किया। उसकी आवाज सुनते ही यात्री घबराहट में बाहर निकले और सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए।
कुछ ही मिनटों में आग का गोला बनी बस:-
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही झल्लारा थानाधिकारी जय किशन फुलवरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। बाद में सलूम्बर से दमकल वाहन बुलवाया गया।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है। घटना के चलते मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।