PNB Gold Scam Shekhawati: 33 बीघा जमीन, लग्जरी मकान और महंगी गाड़ियां, गोल्ड लोन घोटाले का मास्टरमाइंड निकला करोड़पति

post 492 (1)

PNB Gold Scam Shekhawati: 33 बीघा जमीन, लग्जरी मकान और महंगी गाड़ियां, गोल्ड लोन घोटाले का मास्टरमाइंड निकला करोड़पति

PNB Gold Scam Shekhawati: झुंझुनूं के नवलगढ़ स्थित पीएनबी बैंक शाखा में सामने आया 6.50 करोड़ रुपये का गोल्ड लोन घोटाला अब बड़ा रूप लेता जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने बैंक के तत्कालीन मुख्य प्रबंधक अमित जांगिड़ और बीसी संतोष सैनी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घोटाले की रकम से मुख्य आरोपी ने करोड़ों की संपत्ति खड़ी कर ली।

पुलिस के अनुसार अमित जांगिड़ के पास सीकर के पॉश इलाके में तीन मंजिला निर्माणाधीन मकान, सीथल गांव में बड़ा डेयरी फार्म और 100 से अधिक देशी-विदेशी नस्ल की गायें मिली हैं। इसके अलावा दो लग्जरी कार, एक बुलेट मोटरसाइकिल और डेयरी संचालन के लिए दो पिकअप वाहन भी बरामद हुए हैं। गुढ़ा क्षेत्र में पत्नी के नाम से जमीन खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आई है।

जमीन खरीद के कई सौदे उजागर:-

जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी ने पिछले कुछ वर्षों में करीब 33 बीघा जमीन खरीदी। डेयरी के पास 15 बीघा, गांव में अन्य स्थान पर 11 बीघा जंहा ट्यूबवैल भी बनवा रखा है, तथा दो वर्ष पूर्व 7 बीघा अतिरिक्त जमीन खरीदी गई। इन संपत्तियों की खरीद में घोटाले की रकम इस्तेमाल होने की आशंका जताई जा रही है।

फर्जी खातों के जरिए गोल्ड लोन:-

एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि आरोपी ने बीसी संतोष सैनी के माध्यम से कई लोगों के नाम पर फर्जी गोल्ड लोन खाते खुलवाए। बदले में संतोष सैनी को मोटी रकम और सोने का लालच दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपनी एक महिला परिचित को बैंक में जमा सोना देकर अन्य बैंकों से भी गोल्ड लोन दिलवाया।

मथुरा में बदली पहचान के साथ पकड़ा गया:-

मुख्य आरोपी को मथुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म के पास संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। पूछताछ में उसने पहले खुद को पवन जांगिड़ निवासी श्रीगंगानगर बताया, लेकिन सख्ती पर असली पहचान उजागर हुई। उसके पास से जहरीला पदार्थ भी मिला। पुलिस के अनुसार उसने करीब 4 करोड़ रुपये का बीमा करा रखा था और आत्महत्या की योजना बना रहा था।

पत्नी ने कराई थी गुमशुदगी दर्ज:-

बताया जा रहा है कि 28 जनवरी को उसे मंडल कार्यालय हनुमानगढ़ में पेश होना था, लेकिन वह नहीं पहुंचा। इसके बाद 30 जनवरी को उसकी पत्नी ने गुढ़ा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और संपत्ति की गहन जांच में जुटी है।