PM Jan Aushadhi Kendra: राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला, सभी जिला अस्पतालों में खुलेंगे प्रधानमंत्री जनऔषधि केन्द्र, आदेश जारी

PM Jan Aushadhi Kendra: राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला, सभी जिला अस्पतालों में खुलेंगे प्रधानमंत्री जनऔषधि केन्द्र, आदेश जारी

PM Jan Aushadhi Kendra : अब प्रदेश के मरीजों को महंगी दवाओं के लिए जेब ज्यादा ढीली नहीं करनी पड़ेगी। राजस्थान सरकार ने सभी जिला अस्पताल परिसरों में प्रधानमंत्री जनऔषधि केन्द्र स्थापित करने का निर्णय लिया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कहा है कि जिला अस्पतालों में जनऔषधि केन्द्र खोलने के लिए पात्र आवेदकों को प्राथमिकता के आधार पर स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।

इस फैसले से इमरजेंसी दवा सूची से बाहर की कई आवश्यक दवाएं भी मरीजों को किफायती दरों पर उपलब्ध हो सकेंगी। अब तक जिला अस्पतालों में सीमित और आपातकालीन दवाएं ही सरकारी स्तर पर मिल पाती थीं, जबकि अन्य दवाओं के लिए मरीजों को निजी मेडिकल दुकानों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे इलाज का खर्च बढ़ जाता था। इसका सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों पर पड़ता था।

आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता के निर्देश:-

विभागीय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जनऔषधि केन्द्रों का संचालन केंद्र सरकार की योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि वे आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक बाधा न डालें और पारदर्शी तरीके से स्थान आवंटन सुनिश्चित करें, ताकि जिले स्तर पर दवा उपलब्धता को मजबूत किया जा सके।

जिला अस्पतालों में जनऔषधि केन्द्र अनिवार्य:-

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने हाल ही में राज्य के चिकित्सा मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में सभी जिला अस्पतालों में जनऔषधि केन्द्र अनिवार्य रूप से शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक आदेश जारी कर दिए हैं।

70 फीसदी तक सस्ती होंगी दवाएं:-

विभाग ने सभी जिला अस्पतालों को निर्देशित किया है कि प्रधानमंत्री जनऔषधि केन्द्र के लिए आवेदन करने वाले पात्र व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जाए। इन केन्द्रों के माध्यम से जेनरिक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे मरीजों को बाजार मूल्य की तुलना में करीब 70 प्रतिशत तक कम दरों पर दवाएं मिल सकेंगी।

Scroll to Top