नोटों से भरा विमान हुआ क्रैश, 15 की मौत, दुर्घटना के बाद सड़क पर बिखरे नोट, मची लूट

post 834 (1)

नोटों से भरा विमान हुआ क्रैश, 15 की मौत, दुर्घटना के बाद सड़क पर बिखरे नोट, मची लूट

रॉयटर्स, ला पाज। दक्षिण अमेरिकी देश बोलिविया की राजधानी ला पाज के पास निकट एल ऑल्टो शहर में शुक्रवार शाम बड़ा विमान हादसा हो गया। खराब मौसम के बीच बोलिवियाई वायु सेना का एक लॉकहीड C-130 हरक्यूलिस विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलकर पास की व्यस्त सड़क पर जा गिरा।

इस हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। विमान में देश के केंद्रीय बैंक के नए छपे नोट ले जाए जा रहे थे, जो दुर्घटना के बाद सड़क पर बिखर गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान सांता क्रूज से रवाना हुआ था और एल ऑल्टो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान नियंत्रण खो बैठा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ओलावृष्टि और फिसलन भरी रनवे हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है। विमान सड़क पर चल रहे वाहनों से टकरा गया, जिससे करीब दर्जनभर कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में 20, 50 और 100 बोलिवियानोस के नोट सड़क पर बिखरे दिखे। कुछ लोग उन्हें उठाने की कोशिश करते नजर आए, जिसके बाद सुरक्षा बलों को हालात काबू में करने के लिए पानी की बौछार और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा।

बोलिविया का केंद्रीय बैंक ने स्पष्ट किया कि ये नोट आधिकारिक प्रचलन में जारी नहीं किए गए थे और इन्हें वैध मुद्रा के रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैंक ने संबंधित सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए हैं।

बोलिवियाई रक्षा मंत्रालय और वायु सेना ने पुष्टि की कि दुर्घटनाग्रस्त विमान सैन्य बेड़े का हिस्सा था। एल ऑल्टो हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। वहीं राष्ट्रीय एयरलाइन Boliviana de Aviación ने स्पष्ट किया कि यह विमान उनकी सेवा का नहीं था।

जांच एजेंसियां हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही हैं। मृतकों में विमान के चालक दल के सदस्य और सड़क पर मौजूद आम नागरिक शामिल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।