Murder: घर आने से टोकता था प्रेमिका का बेटा, सिरफिरे आशिक ने मासूम को दी दर्दनाक मौत, जंगल में मिली लाश

post 665 (1)

पाली। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक पर अपनी प्रेमिका के 11 वर्षीय बेटे की पत्थर से वार कर निर्मम हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

तरबूज खिलाने का बहाना बनाकर ले गया:-

जानकारी के अनुसार घोसी कॉलोनी निवासी शेहनवाज (42) अपने दो बेटों और एक बेटी के साथ किराए के मकान में रहती है। उसके पति मोहम्मद रफीक का कुछ साल पहले निधन हो चुका है। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब दो वर्षों से उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद फारूक (22) के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।

शेहनवाज का 11 वर्षीय बेटा तोफिस मदरसे में पढ़ता था और रमजान के चलते इन दिनों घर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि बच्चों को फारूक का घर आना पसंद नहीं था और वे अक्सर उसे टोकते थे। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने वारदात की साजिश रची। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह तोफिस को तरबूज खिलाने के बहाने अपनी बाइक पर बैठाकर घर से ले गया।

सुनसान जगह पर वारदात:-

बताया जा रहा है कि आरोपी दिनभर बालक को शहर में घुमाता रहा। शाम होने पर वह उसे मानपुरा भाकरी के पीछे उतवण जाने वाले सुनसान कच्चे रास्ते पर ले गया। वहां उसने पहले बियर पी और फिर बालक के चेहरे और पेट पर भारी पत्थरों से कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से निकलकर अपने घर लौट आया।

सीसीटीवी फुटेज से खुलासा:-

जब बालक देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी रवींद्र सिंह खींची के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में आरोपी फारूक बालक को बाइक पर ले जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल से बालक का शव बरामद कर बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। एएसआई शंकर लाल के अनुसार घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त पत्थर और बियर की खाली बोतलें भी बरामद की गई हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।