LPG Crisis : कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति पर नया अपडेट, राजस्थान सरकार ने जारी किया बड़ा आदेश
LPG Crisis : केंद्र सरकार के निर्देश के बाद राज्य में आज से व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति 20 प्रतिशत कोटे के आधार पर शुरू की जाएगी। इस संबंध में शनिवार को राज्य के खाद्य विभाग के प्रमुख सचिव अंबरीश कुमार ने सभी जिला कलेक्टरों को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
जिला कलेक्टरों को भेजे गए पत्र में केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित कोटे के अनुसार विभिन्न संस्थानों के लिए व्यवसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति की प्राथमिकता तय की गई है। इसमें अस्पताल, मेडिकल इंस्टीट्यूट, शैक्षणिक संस्थान सहित अन्य आवश्यक श्रेणी के उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के मुताबिक अस्पताल, मेडिकल इंस्टीट्यूट, शैक्षणिक संस्थाएं, कोचिंग संस्थान, हॉस्टल, मैस, अन्नपूर्णा रसोई, सरकारी कैंटीन और सरकारी डेयरी को 100 प्रतिशत कोटा उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों।
मंत्री सुमित गोदारा ने कहा…
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि होटल और रेस्टोरेंट्स के लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने की स्थिति में व्यवसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाएगी। जिला स्तर पर 20 प्रतिशत कोटे के आधार पर वितरण तय किया जाएगा। इसके लिए जिला कलेक्टर, जिला रसद अधिकारी और गैस कंपनियों के अधिकारियों की एक समिति बनाकर आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।