Looteri Dulhan: शादी के 19 दिन बाद लाखों की नकदी और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हुई दुल्हन
Looteri Dulhan: शादी के 19 दिन बाद लाखों की नकदी और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हुई दुल्हन
Looteri Dulhan: दौसा, जिले के बांदीकुई क्षेत्र में शादी के बहाने कथित रूप से संगठित ठगी का मामला सामने आया है। बनापुरा निवासी अनिल कुमार ने बसवा थाने में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक राजगढ़ (अलवर) के थेकड़ी कलेशान निवासी गिर्राज प्रसाद ने शादी कराने का भरोसा दिलाते हुए अशोक राम से संपर्क कराया। इसके बाद रामगढ़ निवासी युवती शिवानी (पुत्री सुरेश) से विवाह की बात तय हुई।
साढ़े तीन लाख की मांग, जेवरात भी लिए:-
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शादी की तैयारियों, वाहन किराया, दस्तावेज और अन्य खर्चों के नाम पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये मांगे गए। रकम देने के बाद 10 दिसंबर 2025 को बांदीकुई कोर्ट में स्टांप पर विवाह की औपचारिकताएं पूरी कराई गईं। विवाह के दौरान और बाद में कुल लगभग 3.50 लाख रुपये नकद दिए गए।
इसके अलावा सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, नाक की बाली, कुंडल और चांदी की पायजेब सहित अन्य आभूषण भी सौंपे गए। मामले में अजीत कुमार, सोनी और झिलमिल की भूमिका भी संदिग्ध बताई गई है। आरोप है कि सभी ने मिलकर योजना बनाई और रकम व जेवर लेने में सहयोग किया।
19 दिन बाद अचानक गायब:-
परिजनों के अनुसार संदेह से बचने के लिए विवाह के बाद युवती 19 दिन तक ससुराल में रही। 30 दिसंबर 2025 की शाम करीब 6:30 बजे वह अचानक घर से लापता हो गई। तलाश के दौरान घर से जेवरात और करीब 19,500 रुपये मूल्य की चांदी की चेन भी गायब मिली। मोबाइल फोन बंद मिलने से संपर्क नहीं हो सका।
रकम मांगने पर धमकी का आरोप:-
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पैसे और जेवर लौटाने की बात कहने पर उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।