Khatushyamji Mela: खाटू में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, 125 किलो चांदी के रथ पर नगर भ्रमण के लिए निकले बाबा श्याम

post 825 (1)

Khatushyamji Mela: राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्यामजी मंदिर में फाल्गुन मेले के दौरान फाल्गुनी एकादशी पर श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। करीब 350 वर्ष पुरानी परंपरा के तहत बाबा श्याम भव्य चांदी के रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण के लिए निकले।

सुबह करीब 11:15 बजे मंदिर प्रांगण से रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। बाबा श्याम नीले घोड़े पर विराजमान स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हुए नगर के मुख्य मार्गों से गुजरे।

रथ यात्रा में उमड़ी भक्तों की भीड़:-

रथ मंदिर से रवाना होकर कबूतर चौक, हॉस्पिटल चौराहा और अन्य प्रमुख रास्तों से होते हुए पुनः मंदिर पहुंचा। खासकर हॉस्पिटल चौराहे पर भारी भीड़ देखने को मिली। लाखों श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर बाबा का स्वागत किया। गुलाल उड़ाते हुए और चंग की थाप पर भक्त भक्ति में झूमते नजर आए। यात्रा के दौरान रथ से प्रसाद स्वरूप चॉकलेट और फल वितरित किए गए, जिन्हें पाने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। रथ खींचने के लिए भी भक्तों में होड़ दिखाई दी।

125 किलो चांदी से बना भव्य रथ:-

श्रीश्याम मंदिर कमेटी के पदाधिकारी और सेवक रथ पर मौजूद रहे। बाबा श्याम की सवारी के लिए तैयार किया गया भव्य रथ 125 किलो चांदी से बना है। इसका निर्माण पिछले वर्ष बीकानेर जिले के नोखा में लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से किया गया था। करीब एक महीने की मेहनत से तैयार इस रथ को यात्रा के दौरान सुरक्षित और सुगम संचालन को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है।

दर्शन व्यवस्था में बदलाव:-

फाल्गुन मेले की शुरुआत 21 फरवरी से हुई थी, जिसका समापन 28 फरवरी को होगा। चंद्रग्रहण के कारण 3 मार्च को मंदिर में पूरे दिन दर्शन बंद रहेंगे। वहीं 4 मार्च की रात 10 बजे से दर्शन स्थगित कर दिए जाएंगे और 5 मार्च को तिलक व विशेष पूजा-अर्चना के बाद शाम 5 बजे पुनः श्रद्धालुओं के लिए दर्शन प्रारंभ होंगे।