Khatu Shyamji Phalgun mela: फाल्गुनी मेले में भक्तों की सारथी बनेगी Shyamsarathi.com वेबसाइट, मिलेगी तमाम जानकारी

Khatu Shyamji Phalgun mela: फाल्गुनी मेले में भक्तों की सारथी बनेगी Shyamsarathi.com वेबसाइट, मिलेगी तमाम जानकारी

Rajasthan News: सीकर जिले में 21 से 28 फरवरी तक बाबा खाटूश्यामजी का वार्षिक फाल्गुनी लक्खी मेला आयोजित होगा। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने इस बार कई डिजिटल सुविधाएं शुरू की हैं। इसी कड़ी में shyamsarathi.com नाम से एक वेबसाइट तैयार की गई है, जो 15 फरवरी से सक्रिय हो जाएगी। इस पोर्टल पर मेले से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगी।

भंडारे और वाहन पास के लिए ऑनलाइन सुविधा:-

इस बार मंदिर क्षेत्र में भंडारे लगाने के लिए आवेदन और वाहन पास के फॉर्म ऑनलाइन भरे जा सकेंगे। इससे कागजी प्रक्रिया कम होगी और लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, साथ ही अनावश्यक भीड़ भी नियंत्रित रहेगी।

वेबसाइट पर मिलेगी हर जरूरी जानकारी:-

रींगस एसडीएम मोनिका सामोर ने बताया कि श्रद्धालुओं को भंडारे, पार्किंग, मार्ग और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी सभी सूचनाएं वेबसाइट पर अपडेट मिलेंगी। विभिन्न मार्गों से मंदिर तक पहुंचने के रास्ते, दर्शन की समय-सारिणी, पार्किंग ब्लॉक और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश भी ऑनलाइन देखे जा सकेंगे। मेला क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग के लिए क्यूआर कोड भी जारी किए जाएंगे।

हाईटेक पार्किंग व्यवस्था:-

इस बार पार्किंग व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत किया जा रहा है। प्रमुख पार्किंग स्थलों के लिए अलग-अलग क्यूआर कोड जारी होंगे, जिन्हें स्कैन कर श्रद्धालु पार्किंग की लोकेशन, दिशा और उपलब्ध क्षमता की जानकारी ले सकेंगे। हर पार्किंग स्थल के लिए अलग रंग की पहचान भी तय की गई है, ताकि लोगों को सुविधा रहे।

44 डिजिटल स्क्रीन पर होंगे लाइव दर्शन:-

मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए 44 डिजिटल स्क्रीन लगाई जाएंगी। इन स्क्रीन पर बाबा श्याम के लाइव दर्शन के साथ-साथ जरूरी सूचनाएं और प्रशासनिक निर्देश भी प्रसारित किए जाएंगे, जिससे भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी।

स्थानीय लोगों को आधार कार्ड से आवाजाही की छूट:-

मेले के दौरान स्थानीय निवासियों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए आधार कार्ड दिखाकर आने-जाने की अनुमति दी जाएगी। इस संबंध में सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और जागरूकता के लिए जगह-जगह बैनर भी लगाए जाएंगे।

Scroll to Top