खाजूवाला : मादक पदार्थ के मामले में फरार सप्लायर 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी गिरफ्तार
खाजूवाला, क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए खाजूवाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी और लंबे समय से फरार चल रहे एक शातिर मादक पदार्थ सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब ढाई वर्षों से पुलिस से बचता फिर रहा था।
थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक बीकानेर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और वृताधिकारी खाजूवाला के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जिला नागौर की डीएसटी टीम के सहयोग से मुखबिर की सूचना पर आरोपी को उसके घर से दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पप्पुराम उर्फ स्वरुपाराम बिश्नोई निवासी बिश्नोईयों की ढाणी, पांचला सिद्दा (थाना खींवसर, जिला नागौर) के रूप में हुई है। आरोपी थाना छतरगढ़ में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण संख्या 202/2023 में वांछित था। पुलिस जांच में सामने आया कि 2 सितंबर 2023 को छतरगढ़ थाना पुलिस ने भंवरलाल व श्यामलाल निवासी जैसला के कब्जे से 240 किलोग्राम डोडा पोस्त और एक पिकअप वाहन बरामद किया था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने यह मादक पदार्थ पप्पुराम से लाना बताया था। इसके बाद से ही पप्पुराम फरार चल रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। लंबे समय से तलाश के बाद आखिरकार पुलिस ने उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत सहित सहीराम, मनोहरी, विक्रमपाल और रामकुमार की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।