Jaipur: रेस्टोरेंट पर 100 करोड़ की टैक्स चोरी का शक, जयपुर से मुंबई तक हड़कंप, रेड के दौरान भी काउंटर पर बिकते रहे कचौरी-समोसे
Jaipur: रेस्टोरेंट पर 100 करोड़ की टैक्स चोरी का शक, जयपुर से मुंबई तक हड़कंप, रेड के दौरान भी काउंटर पर बिकते रहे कचौरी-समोसे
IT Raid in Jaipur: राजस्थान के मशहूर रेस्टोरेंट पर आयकर विभाग की मेगा रेड दूसरे दिन भी जारी रही। बुधवार सुबह शुरू हुई यह कार्रवाई अब बड़े वित्तीय लेन-देन और निवेश नेटवर्क की परतें खोलती नजर आ रही है।
दिलचस्प बात यह रही कि जहां एक ओर आयकर अधिकारी करोड़ों के ट्रांजेक्शन और दस्तावेज खंगालते रहे, वहीं रेस्टोरेंट के फ्रंट काउंटर पर कचौरी, समोसे और मिठाइयों की बिक्री सामान्य रूप से चलती रही।
100 करोड़ से ज्यादा टैक्स गड़बड़ी के संकेत:-
सूत्रों के अनुसार, ग्रुप से जुड़े ठिकानों से जब्त दस्तावेजों में 100 करोड़ रुपए से अधिक की संभावित टैक्स अनियमितताओं के सुराग मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि रेस्टोरेंट कारोबार से जुड़े धन का निवेश लग्जरी होटल प्रॉपर्टीज में किया गया।
इसी कड़ी में आयकर विभाग ने होटल ताज (आमेर) और कुंदन वन (कूकस) सहित अन्य ठिकानों पर भी दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड्स की गहन जांच की।
6 शहरों में 33 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई:-
आयकर विभाग की अन्वेषण शाखा ने बुधवार सुबह 7 बजे गोपनीय ऑपरेशन के तहत 6 शहरों के 33 ठिकानों पर दबिश दी। जयपुर में 26 स्थानों के अलावा मुंबई, उदयपुर, कोटा, श्रीगंगानगर, करौली और हिंडौन में भी कार्रवाई की गई।
छापेमारी के बीच ‘सेल्स’ चालू, ग्राहकों में हैरानी:-
अमूमन रेड के दौरान प्रतिष्ठान बंद कर दिए जाते हैं, लेकिन कान्हा रेस्टोरेंट में नजारा कुछ अलग था। आयकर अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि आम जनता और ग्राहकों को कोई असुविधा न हो। रेस्टोरेंट के अग्रिम हिस्से में ग्राहकों को समोसे-कचौरी और मिठाइयां परोसी जाती रहीं, जबकि पीछे के ऑफिसों और केबिनों में आईटी टीम कंप्यूटर हार्ड डिस्क, बैंक लॉकर और कच्चे पर्चों की पड़ताल करती रही।
रडार पर क्यों था ‘कान्हा ग्रुप’?
आयकर विभाग को लंबे समय से इनपुट मिल रहे थे कि ग्रुप द्वारा बड़े पैमाने पर कैश ट्रांजेक्शन और वित्तीय हेराफेरी की जा रही है। कई दिनों की रेकी के बाद विभाग के सैकड़ों कर्मचारी और सुरक्षा बल एक साथ एक्टिव हुए। डिजिटल सबूतों के साथ-साथ बड़ी मात्रा में हार्ड कैश के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।