Jaipur: लग्जरी ट्रेन महाराजा एक्सप्रेस को डिरेल करने की बड़ी साजिश नाकाम, लोको पायलट की सतर्कता से टला हादसा

post 169

Jaipur: लग्जरी ट्रेन महाराजा एक्सप्रेस को डिरेल करने की बड़ी साजिश नाकाम, लोको पायलट की सतर्कता से टला हादसा

जयपुर। विदेशी पर्यटकों के लिए संचालित देश की सबसे लग्जरी ट्रेनों में शुमार महाराजा एक्सप्रेस को बेपटरी करने की बड़ी साजिश लोको पायलट की सतर्कता से नाकाम हो गई। ट्रेन जयपुर से सवाई माधोपुर की ओर रवाना हुई थी।

रात करीब 11 बजे शिवदासपुरा इलाके में महात्मा गांधी अस्पताल के पास एक रेलवे फाटक के समीप लोको पायलट को ट्रैक पर जानबूझकर रखी गई लोहे की एंगल दिखाई दी। खतरे को भांपते ही इमरजेंसी ब्रेक लगाए गए, जिससे ट्रेन को करीब 35 मिनट तक रोका गया।

ये है पूरा मामला:-

सूत्रों के अनुसार 5 से 6 लोहे की एंगल, करीब 5 फुट लंबी, ट्रेन को पटरी से उतारने की मंशा से रेलवे ट्रैक पर रखी गई थीं। समय रहते लोको पायलट की सतर्कता से ट्रेन में सवार सैकड़ों विदेशी पर्यटकों समेत सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की गई और ट्रैक को सुरक्षित घोषित करने के बाद रेल संचालन फिर से शुरू किया गया। आरपीएफ ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे प्रशासन ने ट्रैक पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

पहले भी सामने आ चुकी हैं साजिशें

राजस्थान में इससे पहले भी ट्रेनों को बेपटरी करने की कोशिशों के मामले सामने आ चुके हैं। पिछले साल सितंबर में सिरोही जिले में अरावली एक्सप्रेस को डिरेल करने की साजिश रची गई थी, जहां ट्रैक पर खंभा रख दिया गया था। उस समय भी लोको पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया था। इसके अलावा अजमेर में भी ट्रेन को डिरेल करने की कोशिश का खुलासा हो चुका है। वहीं उदयपुर और अलवर में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

पथराव की घटनाएं भी चिंता का विषय:-

अलवर जिले के खेड़ली कस्बे से नदबई की ओर जाने वाले आगरा–बांदीकुई रेलमार्ग पर बीते दिसंबर में इंटरसिटी खजुराहो एक्सप्रेस पर पथराव किया गया था। इस घटना में एसी कोच का शीशा टूट गया था। ट्रेन के जयपुर पहुंचने पर खेड़ली स्टेशन को सूचना दी गई, जिसके बाद आरपीएफ ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसी मार्ग पर पहले भी मालगाड़ी को बेपटरी करने की कोशिश की जा चुकी है।