Iran-Israel War: ईरान के हवाई हमले में राजस्थान के युवक की मौत, ओमान पोर्ट पर जहाज में सवार था
Iran-Israel War: ईरान के हवाई हमले में राजस्थान के युवक की मौत, ओमान पोर्ट पर जहाज में सवार था
नागौर। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनावपूर्ण हालात के बीच राजस्थान के नागौर जिले से दुखद खबर सामने आई है। नागौर जिले के खींवताना गांव निवासी युवक दलीप सिंह की मिसाइल हमले में मौत हो गई। दलीप एक क्रूड ऑयल कंपनी के जहाज पर कार्यरत था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 मार्च की सुबह दलीप सिंह ओमान पोर्ट पर ड्यूटी कर रहा था। उसी दौरान ईरान की ओर से दागी गई मिसाइल स्काईलाइट कंपनी के जहाज पर आ गिरी। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि जहाज बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बिहार निवासी कैप्टन आशीष का शव बरामद कर लिया गया है, लेकिन दलीप सिंह का शव अभी तक नहीं मिला है।
स्काईलाइट कंपनी का था जहाज:-
हमले का शिकार हुआ जहाज स्काईलाइट कंपनी का बताया जा रहा है। कंपनी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक घटना के समय जहाज खासब पोर्ट पर खड़ा था। मिसाइल हमले के कारण जहाज को भारी नुकसान पहुंचा। इस हमले में राजस्थान के दलीप सिंह सहित कैप्टन आशीष की जान चली गई।
खींवताना गांव में पसरा मातम
कंपनी प्रबंधन ने दलीप के परिजनों को आधिकारिक सूचना दे दी है। होली के त्योहार के बीच आई इस दुखद खबर से खींवताना गांव में मातम छा गया है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।