International Drugs Network: नेपाल में बैठी महिला राजधानी जयपुर में चला रही थी ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क, 10 लाख की खेप के साथ आरोपी गिरफ्तार
International Drugs Network: नेपाल में बैठी महिला राजधानी जयपुर में चला रही थी ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क, 10 लाख की खेप के साथ आरोपी गिरफ्तार
International Drugs Network: राजधानी जयपुर में चरस तस्करी से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है। आमेर थाना पुलिस ने 1 किलो 344 ग्राम चरस के साथ एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने नेपाल की एक महिला सप्लायर का नाम बताया है, जो जयपुर में मादक पदार्थ की आपूर्ति करवा रही थी। जब्त चरस की बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को प्राचीन चामुंडा माता मंदिर के निकट, चिमनपुरा-दिल्ली हाईवे रोड से पकड़ा। उसकी पहचान नेपाल के राड़सी निवासी और वर्तमान में कुल्लू (हिमाचल प्रदेश) में रह रहे 43 वर्षीय पहल सिंह के रूप में हुई है।
20 हजार रुपये और यात्रा खर्च का लालच:-
पूछताछ में सामने आया कि करीब तीन साल पहले कुल्लू की सब्जी मंडी में उसकी मुलाकात भावना नाम की एक महिला से हुई थी, जो वहां सब्जी बेचती थी। कुछ समय बाद वह नेपाल लौट गया और बेरोजगार हो गया। करीब चार महीने पहले महिला ने उससे संपर्क कर जयपुर में एक पार्सल पहुंचाने के बदले 20 हजार रुपये और आने-जाने का खर्च देने का प्रस्ताव दिया। आर्थिक परेशानी के चलते उसने यह काम स्वीकार कर लिया।
महिला ने उसे चरस से भरा पैकेट सौंपा, जिसे वह पहले भी जयपुर पहुंचा चुका था। 8 फरवरी को दोबारा संपर्क कर उसे नई खेप पहुंचाने को कहा गया। आरोपी नेपाल से बस के जरिए दिल्ली पहुंचा और वहां से जयपुर आया। आमेर के कुंडा इलाके में डिलीवरी देनी थी, लेकिन बस से उतरते ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
नेपाल तक फैला नेटवर्क, टीम भेजने की तैयारी:-
प्राथमिक जांच में संकेत मिले हैं कि नेपाल से जयपुर तक मादक पदार्थों की सप्लाई का संगठित नेटवर्क सक्रिय है। स्पेशल पुलिस कमिश्नर राहुल प्रकाश ने बताया कि पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए नेपाल तक पुलिस टीम भेजने की तैयारी की जा रही है।