Indian Railway: आज से मिलेगी डिजिटल भुगतान पर 3% की छूट, जानें कैसे मिलेगा फायदा?
Indian Railway: रेलवे यात्रियों को डिजिटल भुगतान के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट खरीदने पर 3 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। यह छूट आर-वॉलेट से भुगतान करने पर बोनस कैशबैक के रूप में मिलेगी। कोटा रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने बताया कि यात्रियों को अधिक सुविधा, पारदर्शिता और डिजिटल माध्यम अपनाने के लिए यह पहल की गई है। यह सुविधा प्रायोगिक तौर पर 14 जनवरी से 14 जुलाई तक लागू रहेगी।
रेलवन ऐप पर अनारक्षित टिकट बुक करते समय यदि यात्री आर-वॉलेट के जरिए भुगतान करते हैं, तो उन्हें टिकट मूल्य पर 3 प्रतिशत बोनस कैशबैक मिलेगा। वहीं यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या अन्य स्वीकृत डिजिटल भुगतान माध्यमों से टिकट खरीदने पर भी 3 प्रतिशत का लाभ दिया जाएगा।
टिकट के साथ मिलेगी कई डिजिटल सुविधाएं:-
सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (सीआरआईएस) द्वारा विकसित एकीकृत सुपर ऐप रेलवन का बीटा संस्करण जनवरी 2025 में लॉन्च किया गया था। इस ऐप को प्ले स्टोर और ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। रेल कनेक्ट या यूटीएस मोबाइल ऐप के मौजूदा उपयोगकर्ता पहचान प्रमाण के साथ सीधे लॉग-इन कर सकते हैं।
रेलवन ऐप के माध्यम से यात्री अनारक्षित और आरक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर सकते हैं, साथ ही ट्रेन व स्टेशन से जुड़ी जानकारी और शिकायत निवारण की सुविधा भी प्राप्त कर सकते हैं।
रेलवन ऐप से मिलने वाले प्रमुख लाभ:-
- ट्रेन की लाइव स्थिति और रियल टाइम पूछताछ
- कोच पोजीशन और पीएनआर से जुड़ी जानकारी
- आरक्षित व अनारक्षित टिकट की बुकिंग और रद्दीकरण
- ई-कैटरिंग के जरिए ऑनलाइन भोजन बुकिंग
- शिकायत और सुझाव दर्ज कर उनकी स्थिति ट्रैक करने की सुविधा


