IMD Alert Rajasthan: राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, आगामी 2 दिन तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

post 1305 (1)

जयपुर। राजस्थान में आज से नया वेदर सिस्टम एक्टिव हो गया है, जिससे अगले दो दिनों तक मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। India Meteorological Department (IMD) के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

20 से ज्यादा जिलों में अलर्ट:-

मौसम विभाग ने आज 7 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 3 और 4 अप्रैल को राजधानी Jaipur समेत 20 से अधिक जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 अप्रैल को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में वेदर सिस्टम का असर ज्यादा रहेगा। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन, तेज आंधी और बारिश के साथ कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

गुरुवार दोपहर बाद जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर क्षेत्र में मौसम गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

आज इन जिलों में अलर्ट:-

मौसम विभाग ने आज 7 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है। बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलौदी और श्रीगंगानर जिले में मेघगर्जन और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

3 अप्रैल को 36 जिलों में चेतावनी:-

मौसम केंद्र जयपुर ने 3 अप्रैल को प्रदेश के 36 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का डबल अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना है, जबकि बीकानेर, जैसलमेर, फलौदी और श्रीगंगानगर में ओलावृष्टि का खतरा ज्यादा बताया गया है।

4 अप्रैल को भी अलर्ट जारी:-

4 अप्रैल को भी 30 से अधिक जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट रहेगा। कुछ जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ बारिश होगी, वहीं कोटा, टोंक, सवाईमाधोपुर, करौली, दौसा और बूंदी में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

किसानों के लिए जरूरी सलाह:-

मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले में रखी फसल, अनाज और अन्य कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई है, ताकि बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान से बचा जा सके।

मौसम विभाग ने लोगों को भी सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है।