राजस्थान में दिल दहला देने वाली घटना, मां ने बच्चों संग टांके में लगाई छलांग, तीन मासूमों की मौत

post 936 (1)

राजस्थान: नागौर, सदर थाना क्षेत्र के बसवानी गांव में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक विवाहिता अपने तीन बच्चों को साथ लेकर पानी से भरे टांके में कूद गई। हादसे में तीनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि महिला को गंभीर हालत में नागौर के जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डीएसपी धरम पूनिया के अनुसार बसवानी गांव निवासी मंजू शुक्रवार शाम अपने तीन साल के बेटे रुद्र और पांच-पांच साल की जुड़वा बेटियों को लेकर घर के पास बने टांके में कूद गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को बाहर निकालकर तुरंत जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। बच्चों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

घटना के समय घर पर कोई नहीं था:-

पुलिस के अनुसार महिला का पति रामप्रसाद कोटा में ईंट भट्टे पर मजदूरी करता है। घटना के वक्त महिला के सास-ससुर खेत में काम करने गए हुए थे। परिवार का एक अन्य सदस्य देवर है, जो हैदराबाद में रहता है।

बच्चों को देख बेसुध हुई दादी:-

घटना के बाद जब बच्चों की दादी घर पहुंची और चारों को टांके में गिरा देखा तो वह भी बेहोश हो गई। उसे भी इलाज के लिए जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कारणों की जांच में जुटी पुलिस:-

फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि महिला के होश में आने के बाद ही पूरे मामले की सही जानकारी मिल सकेगी। सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

You may have missed