राजस्थान के बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बजट घोषणा से पहले कही बड़ी बात

राजस्थान के बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बजट घोषणा से पहले कही बड़ी बात

डीडवाना। राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर इन दिनों डीडवाना जिले के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने आगामी भर्तियों को लेकर बड़ा बयान दिया है। दिलावर ने कहा कि प्रदेश सरकार के आने वाले बजट में युवाओं के लिए नई सरकारी भर्तियों की घोषणा की जाएगी। साथ ही शिक्षकों के लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने का भी प्रावधान किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री जैन श्वेतांबर तेरापंथ के 162वें मर्यादा महोत्सव में शामिल होने डीडवाना पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण मिल सके।

उन्होंने बताया कि आगामी बजट में केवल युवा और शिक्षा ही नहीं, बल्कि किसानों के लिए नई योजनाएं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विशेष प्रावधान भी शामिल किए जाएंगे, जिससे समाज के सभी वर्गों को विकास की धारा से जोड़ा जा सके।

संविदाकर्मियों को मिलेगा अधिकार:-

संविदाकर्मियों के नियमितीकरण को लेकर पूछे गए सवाल पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार योग्य और पात्र अभ्यर्थियों को अवसर देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो संविदाकर्मी नियमों के अनुरूप पात्र होंगे, उन्हें उनका अधिकार अवश्य मिलेगा और किसी भी योग्य व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

हर वर्ग का रखा जाएगा ध्यान:-

मदन दिलावर ने कहा कि राज्य सरकार के पिछले दो बजट आमजन के लिए राहत भरे रहे हैं। शिक्षा, चिकित्सा, बिजली, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ इन बजटों ने प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को भी मजबूती प्रदान की है।

Scroll to Top