क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबर, SMS स्टेडियम में होगा IPL 2026 का क्रिकेट मैच? राजस्थान सरकार ने BCCI को लिखा पत्र
क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबर, SMS स्टेडियम में होगा IPL 2026 का क्रिकेट मैच? राजस्थान सरकार ने BCCI को लिखा पत्र
Good News For Cricket Fans: क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो आगामी सीजन में जयपुर में फिर से आईपीएल के टी-20 मुकाबले खेले जा सकते हैं। राज्य सरकार ने इस दिशा में औपचारिक पहल शुरू कर दी है।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने Board of Control for Cricket in India के सचिव Devajit Saikia को पत्र लिखकर जयपुर में मैचों के आयोजन का प्रस्ताव भेजा है। पत्र में कहा गया है कि Sawai Mansingh Stadium (एसएमएस स्टेडियम) पूरी तरह सुरक्षित है और आयोजन के लिए तैयार है। बीसीसीआई की टीम को निरीक्षण के लिए जयपुर आने का निमंत्रण भी दिया गया है।
राज्य सरकार ने स्टेडियम की संरचनात्मक और सुरक्षा संबंधी जांच Malaviya National Institute of Technology Jaipur और सार्वजनिक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से कराई है। रिपोर्ट के अनुसार स्टेडियम सुरक्षित है, हालांकि कुछ छोटी कमियों को मैचों से पहले दूर कर लिया जाएगा।
खेल सचिव बने नोडल अधिकारी:-
आयोजन समन्वय के लिए खेल सचिव डॉ. नीरज के. पवन को बीसीसीआई, Rajasthan Royals, आईपीएल गवर्निंग काउंसिल और Rajasthan Cricket Association के साथ समन्वय का जिम्मा सौंपा गया है। आरसीए की ओर से भी मैचों के आयोजन को लेकर सकारात्मक रुख जताया गया है।
राजस्थान रॉयल्स की हिचकिचाहट:-
सूत्रों के अनुसार राजस्थान रॉयल्स की ओर से कुछ मुद्दों को लेकर अभी स्पष्ट सहमति नहीं बनी है। इनमें आरसीए से जुड़े विवाद, स्टेडियम के नॉर्थ स्टैंड में बैठने की सुरक्षा संबंधी चिंताएं, फ्री पास को लेकर मतभेद और पूर्व एमओयू से जुड़े प्रश्न शामिल बताए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि पिछले सीजन में भी जयपुर में आईपीएल मुकाबलों का सफल आयोजन हुआ था। अब देखना यह है कि सभी पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद गुलाबी नगरी में एक बार फिर टी-20 क्रिकेट का रोमांच कब लौटता है।