खेत में बने मकान में आग, ज्वेलरी-कैश और डॉक्यूमेंट्स जले, लपटें उठती देख ट्यूबवेल से पानी डाला
खेत में बने मकान में आग, ज्वेलरी-कैश और डॉक्यूमेंट्स जले, लपटें उठती देख ट्यूबवेल से पानी डाला
लूणकरणसर तहसील के दुलमेरा गांव में मंगलवार शाम करीब 4 बजे एक खेत में बने मकान में अचानक भीषण आग लग गई। घटना चक 4 डीएलएम में श्योपाल सिंह के खेत की है, जहां खेत पर काम करने वाले काश्तकार राधेश्याम पंडित (निवासी हंसेरा गांव) परिवार सहित रहते थे। आग की लपटें उठती देख आसपास के खेतों में मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने ट्यूबवेल चालू कर पाइपों के जरिए पानी डालना शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग ने घर का अधिकांश सामान जलाकर राख कर दिया। जानकारी के अनुसार करीब 1 लाख 90 हजार रुपये नकद, राशन, जेवर, कपड़े, कृषि संबंधी मशीन, टीवी, फ्रिज, सोना-चांदी और जरूरी कागजात पूरी तरह नष्ट हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।