Dhirendra Shastri: राजस्थान आ रहे आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री, 2250 पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा, 100 कैमरों से निगरानी
रामगंजमंडी (कोटा)। रामगंजमंडी उपखंड के फतेहपुर स्थित रीको क्षेत्र में आगामी 23 जनवरी से आचार्य धीरेंद्र शास्त्री की श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आईजी पुलिस कोटा रेंज राजेंद्र प्रसाद गोयल एवं पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर ने कथा स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आईजी ने बताया कि आयोजन के दौरान करीब 2250 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। साथ ही सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए एआई तकनीक से लैस 100 फेस रिकॉग्निशन कैमरे पूरे परिसर में लगाए जाएंगे।
शिक्षा मंत्री ने महिला मजदूरों से किया संवाद:-
श्रीराम कथा एवं गौ माता महोत्सव की तैयारियों के दौरान शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने स्थल का निरीक्षण करते हुए वहां कार्यरत महिला मजदूरों से संवाद किया। मजदूर महिलाओं ने मंत्री से आचार्य धीरेंद्र शास्त्री से मिलने की इच्छा जताई।
इस पर मंत्री दिलावर ने आश्वासन देते हुए कहा कि वे सभी महिलाओं की आचार्य धीरेंद्र शास्त्री से अलग से मुलाकात करवाएंगे। यह सुनकर महिलाओं ने तालियों के साथ खुशी जताई। मंत्री ने भावुक होते हुए कहा, “आज से आप सभी मेरी बहनें और भुआ हैं।” इस दौरान एक महिला मजदूर ने मंत्री को टिफिन दिया, जिस पर मंत्री जमीन पर बैठकर मिर्ची के साथ मक्का की रोटी खाते नजर आए।
व्यवस्थाओं को लेकर समितियों की बैठक:-
मंत्री दिलावर ने आयोजन की तैयारियों को लेकर 22 व्यवस्था समितियों के प्रमुख सेवादारों की बैठक ली। उन्होंने सभी समितियों को जिम्मेदारी से कार्य करते हुए व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोड़क स्टेशन एवं रामगंजमंडी जंक्शन से कथा स्थल तक बस सेवा उपलब्ध रहेगी।
22 जनवरी को दीपोत्सव पर्व:-
आचार्य धीरेंद्र शास्त्री का 22 जनवरी को आगमन होगा। इस अवसर पर कलश यात्रा एवं दीपोत्सव पर्व का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 1 बजे नगर से कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसका समापन फलोदी माता मेला ग्राउंड में होगा।


