Crime News: पुलिस से बचने के लिए ट्रक में कपड़ों की गांठों के नीचे छिपा रखी थी 70 लाख की अवैध शराब, ऐसे आए पकड़ में

Crime News: पुलिस से बचने के लिए ट्रक में कपड़ों की गांठों के नीचे छिपा रखी थी 70 लाख की अवैध शराब, ऐसे आए पकड़ में

Police Action: राजस्थान के सिरोही जिले के मंडार थाना क्षेत्र में टोल नाके के पास पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रक जब्त करते हुए चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने ट्रक से फटे-पुराने कपड़ों की गांठों के नीचे छिपाकर रखे गए पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के कुल 729 कार्टन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपए बताई जा रही है।

नाकाबंदी के दौरान खुला राज:-

जिला पुलिस अधीक्षक सिरोही प्यारेलाल शिवरान ने बताया कि रविवार तड़के थानाधिकारी प्रवीण कुमार आचार्य के नेतृत्व में मंडार टोल नाके पर नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान सिरोही-रेवदर की ओर से आ रहे गुजरात पासिंग ट्रक को रोका गया। ट्रक चालक के घबराने और संदिग्ध व्यवहार के चलते पुलिस ने वाहन की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ट्रक में रखी कपड़ों की गांठों को हटाने पर नीचे बड़ी मात्रा में अवैध शराब छिपी हुई मिली। शराब के कार्टन इतनी संख्या में थे कि थाना परिसर भर गया।

बाड़मेर के दो तस्कर गिरफ्तार:-

पुलिस ने इस मामले में बाड़मेर जिले के चौहटन थाना क्षेत्र के खरिया निवासी रईस खान पुत्र साले मोहम्मद और पराडिया निवासी जुनूस खान पुत्र जुमा खान को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह शराब गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Scroll to Top