Crime News: जमीन में गड़ा सोना निकालने का झांसा देकर तांत्रिक ने 60 लाख रूपए और 3 तोला सोना ठगा, गिरफ्तार

post 963

Crime News: जमीन में गड़ा सोना निकालने का झांसा देकर तांत्रिक ने 60 लाख रूपए और 3 तोला सोना ठगा, गिरफ्तार

उदयपुर: गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने जमीन में गड़ा सोना निकालने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले एक फर्जी तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़ित से करीब 60 लाख रुपये नकद और तीन तोला से अधिक सोना हड़प लिया था। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर ठगी की रकम से बनाए गए मकान को भी कुर्क कर लिया है।

थानाधिकारी दिलीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान नाहरमगरा, डबोक निवासी इंद्रदास वैष्णव के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने ठगी से मिले पैसों से धूणीमाता क्षेत्र में मकान बनवाया था। पुलिस ने मामले में न्यायालय में प्रार्थना पत्र पेश कर उक्त मकान को कुर्क करवाया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और ठगी से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

दर्ज करवाया था मामला:-

पोटला सुथारों का चौक, सहाड़ा (भीलवाड़ा) निवासी सत्यनारायण सुथार पुत्र नानूराम सुथार की रिपोर्ट पर यह मामला दर्ज किया गया था। परिवादी ने 18 जुलाई को थाने में शिकायत दी थी। उसने बताया कि करीब एक वर्ष पहले वह अपने दोस्त राहुल सालवी के साथ उदयपुर आया था, जहां बलीचा क्षेत्र में अहमदाबाद बाइपास पर उसकी मुलाकात इंद्रदास से हुई।

जमीन में सोना दबे होने का दिया झांसा:-

आरोपी ने खुद को तांत्रिक बताते हुए जमीन में दबे सोने का पता लगाने और उसे पूजा-पाठ से निकालने की शक्ति होने का दावा किया। उसने सत्यनारायण को उसकी जमीन में सोने से भरा घड़ा दबा होने की बात कही और विशेष अनुष्ठान कराने की सलाह दी। शुरुआत में पूजा और सोना बताने के नाम पर 2.50 लाख रुपये लिए गए।

इसके बाद आरोपी ने घर के एक कमरे में पूजा सामग्री रखवाकर लंबी प्रक्रिया शुरू करवाई। कई महीनों तक अलग-अलग बहानों से पूजा करवाई जाती रही और समय-समय पर नकद रुपये व सोना लिया जाता रहा।

इस तरह आरोपी ने कुल 60 लाख रुपये और तीन तोला से अधिक सोना ठग लिया। जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की।