Crime News: ससुराल वालों ने जंजीरों से बांधकर दामाद की कर दी पिटाई? अवसाद में युवक ने उठाया आत्मघाती कदम; मौत के बाद मचा हंगामा
Crime News: ससुराल वालों ने जंजीरों से बांधकर दामाद की कर दी पिटाई? अवसाद में युवक ने उठाया आत्मघाती कदम; मौत के बाद मचा हंगामा
Jhalawar: झालरापाटन के सदर थाना क्षेत्र के गांव गादिया झटकाल निवासी 35 वर्षीय युवक ने रविवार रात कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सोमवार को ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने कनवाड़ा तिराहे पर करीब 20 मिनट तक चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की, जिसके बाद जाम हटाया गया।
पुलिस के अनुसार गादिया झटकाल निवासी मनोहर लाल रविवार दोपहर लहसुन की फसल के लिए कीटनाशक खरीदने झालरापाटन आया था। इसी दौरान वह गोमती सागर तालाब के पास स्थित पुलिया क्षेत्र में पहुंचा और कथित रूप से कीटनाशक का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसके रिश्तेदार राकेश उसे अस्पताल ले गए, जहां रात करीब 8 बजे उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप:-
मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पूर्व में भी इस संबंध में सदर थाने में मामला दर्ज कराया गया था। परिजनों के अनुसार 11 फरवरी को पारिवारिक विवाद के बाद घटनाक्रम बढ़ा और मनोहर को कथित रूप से ससुराल पक्ष के लोगों ने अपने गांव ले जाकर मारपीट की।
परिजनों का आरोप है कि 12 फरवरी को मनोहर को छुड़ाने पहुंचे परिजनों को मिलने नहीं दिया गया और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। 13 फरवरी को जमानत पर रिहा होने के बाद वह मानसिक तनाव में था।
मुआवजे और कार्रवाई की मांग:-
मनोहर धाकड़ की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर भवानीमंडी मार्ग स्थित कनवाड़ा तिराहे पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की।
सूचना मिलने पर शहर थाना, सदर थाना और भवानीमंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर करीब 20 मिनट बाद यातायात सुचारू करवाया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।