Crime News: ‘मैं उसे ला रही हूं, तुम तैयार रहना… आज खेल खत्म’, शादी के सिर्फ तीन महीने बाद सनसनीखेज वारदात

Crime News: ‘मैं उसे ला रही हूं, तुम तैयार रहना… आज खेल खत्म’, शादी के सिर्फ तीन महीने बाद सनसनीखेज वारदात

Crime News: इश्क का जुनून जब हदें पार कर जाता है, तो इंसान रिश्तों की मर्यादा और खून की पवित्रता तक भूल बैठता है। श्रीगंगानगर के रावला थाना क्षेत्र से एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां महज तीन महीने पहले दुल्हन बनकर आई युवती ने अपने ही सुहाग की जान ले ली। एक निजी स्कूल में शिक्षक आशीष कुमार (27) को जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिस पत्नी के साथ वह सुनसान सड़क पर टहल रहा है, वही उसकी मौत की साजिश रच चुकी है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पत्नी अंजली उर्फ अर्जु, उसके प्रेमी संजय और दो अन्य साथियों को गिरफ्तार किया है।

शादी से नाखुश थी अंजली, पीहर में रची खौफनाक साजिश:-

पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि आशीष और अंजली की शादी करीब तीन महीने पहले हुई थी। आशीष सादुलशहर का निवासी था और परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा था। हाल ही में उसे एक निजी स्कूल में शिक्षक की नौकरी मिली थी। लेकिन अंजली इस रिश्ते से खुश नहीं थी। उसका प्रेम श्रीगंगानगर की जगदंबा कॉलोनी निवासी संजय उर्फ संजू से था। शादी के कुछ ही समय बाद अंजली पीहर लौट गई और वहीं प्रेमी के साथ मिलकर आशीष को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

सुनसान सड़क, घात और वो आखिरी पल:-

30 जनवरी की रात अंजली ने अपने खौफनाक प्लान को अंजाम दिया। वह ससुराल लौटी और रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद आशीष को घूमने के बहाने घर से लगभग 200 मीटर दूर सुनसान सड़क पर ले गई। वहां झाड़ियों में संजय अपने दो साथियों—रोहित उर्फ रॉकी और बादल उर्फ सिद्धार्थ—के साथ पहले से घात लगाए बैठा था।
जैसे ही दोनों वहां पहुंचे, अंजली ने इशारा किया और आरोपियों ने आशीष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जब वह अधमरा हो गया, तो संजय ने आशीष के ही मफलर से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। जांच में सामने आया है कि इस दौरान अंजली वहीं मौजूद रही।

लूट की कहानी गढ़ने की कोशिश:-

हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात को लूट या हादसे का रूप देने की साजिश रची। अंजली ने खुद अपना मोबाइल और झुमके उतारकर आरोपियों को दे दिए और उन्हें फरार होने को कहा। इसके बाद वह पति की लाश के पास बेहोश होने का नाटक कर गिर पड़ी। शुरुआती तौर पर मामला सड़क हादसे या लूट का लग रहा था और परिवार ने भी एक्सीडेंट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस की जांच में खुला पूरा सच:-

हालांकि एसपी डॉ. अमृता दुहन और उनकी टीम को अंजली के बयानों में विरोधाभास नजर आया। सख्ती से पूछताछ और कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगालने पर साजिश की पूरी परतें खुल गईं। महज तीन दिन में पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस वारदात ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। जिस घर में कुछ दिन पहले तक शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है। एक परिवार ने अपना बेटा खो दिया, तो बहन ने अपना भाई—और समाज ने रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक और कहानी देखी।

Scroll to Top