Crime News: दिल दहला देने वाली वारदात, शराब के लिए पैसे नहीं मिले तो बेटे ने मां की पीट-पीटकर की हत्या
Crime News: दिल दहला देने वाली वारदात, शराब के लिए पैसे नहीं मिले तो बेटे ने मां की पीट-पीटकर की हत्या
जयपुर/दूदू: मौजमाबाद थाना क्षेत्र के फरियादपुरा गांव में शुक्रवार रात पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। शराब के लिए पैसे नहीं मिलने से नाराज 19 वर्षीय युवक ने अपनी मां पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दूदू सीओ दीपक खंडेलवाल ने बताया कि भूरी देवी (40) अपने पति अर्जुनलाल रैगर के साथ मायके फरियादपुरा में रह रही थीं। शुक्रवार शाम दोनों बैंक से पैसे निकालकर घर लौटे थे। घर पहुंचते ही उनका इकलौता बेटा नंदराम शराब के लिए रुपये मांगने लगा।
पैसों को लेकर बढ़ा विवाद:-
परिजनों के अनुसार, काफी देर तक पैसे नहीं मिलने पर रात करीब आठ बजे नंदराम गुस्से में कमरे में गया और लाठी से सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से भूरी देवी की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
खुद ही दी हत्या की जानकारी:-
वारदात के बाद आरोपी ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद किया और घर के बाहर आकर शोर मचाते हुए कहा कि उसने अपनी मां की हत्या कर दी है। पड़ोसियों ने उसके हाथ और कपड़ों पर खून देखा तो तुरंत मौजमाबाद पुलिस थाना को सूचना दी। थानाधिकारी अनीता चौधरी मौके पर पहुंचीं और युवक को हिरासत में ले लिया।
गांव में शोक का माहौल:-
घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा छा गया। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी अक्सर नशे की हालत में घर में विवाद करता था। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। अंतिम संस्कार माधोराजपुरा क्षेत्र में किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।