भाजपा नेत्री वीडियो, ब्लैकमेलिंग और बलात्कार कांड में चौंकाने वाला खुलासा, पुलिस को मिले 3 दर्जन से ज्यादा वीडियो
भाजपा नेत्री वीडियो, ब्लैकमेलिंग और बलात्कार कांड में चौंकाने वाला खुलासा, पुलिस को मिले 3 दर्जन से ज्यादा वीडियो
उदयपुर। भाजपा नेत्री से जुड़े वीडियो, ब्लैकमेलिंग और बलात्कार के मामले में नया खुलासा हुआ है। अब तक आरोपी पर एआई से वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए जा रहे थे, लेकिन पुलिस की ओर से पेश चार्जशीट में कहीं भी एआई से वीडियो बनाने का उल्लेख नहीं है। पुलिस ने माना है कि मेमोरी कार्ड और पेनड्राइव में 20 से अधिक फोल्डर और उनमें तारीखवार सबफोल्डर हैं, जिनमें कई वीडियो क्लिप हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि आरोपी के पास तीन दर्जन से अधिक वीडियो क्लिप थे, जिन्हें पुलिस ने जब्त किया है। हालांकि वीडियो क्लिप की सटीक संख्या स्पष्ट नहीं बताई गई है।
यह खुलासा पुलिस की ओर से पेश चार्जशीट में हुआ है। एफआईआर और आरोपी की गिरफ्तारी के 44 दिन बाद 27 मार्च को भूपालपुरा थाना पुलिस ने एसीजेएम-4 कोर्ट में चार्जशीट पेश की। इसमें आरोपी के मोबाइल से बरामद वीडियो, उसके ऑफिस में लगे स्पाई कैमरे और वीडियो में कैद गतिविधियों का उल्लेख किया गया है। चार्जशीट में 80 दस्तावेजों की सूची के साथ जांच अधिकारी डीएसपी गोपाल चंदेल सहित 12 गवाह शामिल हैं। चार्जशीट से यह भी स्पष्ट हुआ है कि जांच अधिकारी डीएसपी गोपाल चंदेल ही रहे, जबकि गतिरोध के दौरान उन्हें हटाकर एएसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ को जांच सौंपने की बात कही गई थी। इसके अलावा वीडियो नष्ट किए जाने की बात भी सामने आई थी, लेकिन चार्जशीट से साफ हो गया कि वीडियो नष्ट नहीं किए गए, बल्कि पुलिस के पास सुरक्षित हैं।