जैसलमेर पुलिस लाइन में कांस्टेबल ने सर्विस रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली, लहूलुहान हालत में ​मिला शव

post 976

जैसलमेर पुलिस लाइन में कांस्टेबल ने सर्विस रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली, लहूलुहान हालत में ​मिला शव

जैसलमेर: राजस्थान के जैसलमेर से शनिवार सुबह एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। जैसलमेर पुलिस लाइन में तैनात एक कांस्टेबल ने अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान नरेंद्र मीणा (30) निवासी सवाई माधोपुर के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कांस्टेबल नरेंद्र मीणा जैसलमेर पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर में रहते थे। हाल ही में उनका परिवार सवाई माधोपुर गया हुआ था, जिसके चलते वे कुछ दिनों से अकेले ही रह रहे थे।

सुबह काफी देर तक बाहर नहीं आने पर साथी पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ। उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका के चलते दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। कमरे में नरेंद्र मीणा का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मौके से कांस्टेबल की सर्विस रिवॉल्वर बरामद की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में किसी बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आई है। आत्महत्या के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।