चित्तौड़गढ़: श्री सांवलिया सेठ के दरबार में अनोखी श्रद्धा, भक्त ने की चांदी की रिवॉल्वर भेंट
चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्ण धाम श्री सांवलिया सेठ के दरबार में श्रद्धालु अपनी आस्था और सामर्थ्य के अनुसार मनोकामनाएं मांगते हैं और पूर्ण होने पर अनूठे चढ़ावे अर्पित करते हैं। मंदिर में सोने-चांदी के आभूषण, नकद राशि सहित अनेक वस्तुएं भेंट की जाती हैं। भक्त अपनी श्रद्धा के प्रतीक के रूप में हवाई जहाज, घर, बांसुरी, ईंट, हेलीकॉप्टर, क्रिकेट बॉल-स्टंप जैसी अनोखी वस्तुएं भी चढ़ा चुके हैं।

इसी कड़ी में हाल ही में एक श्रद्धालु ने सांवलिया सेठ को चांदी से निर्मित रिवॉल्वर भेंट की। कृष्ण धाम श्री सांवलियाजी मंदिर में आस्था का यह अनूठा दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। महाराष्ट्र के संभाजीनगर निवासी पलाश दगड़वाल ने अपनी मन्नत पूरी होने पर परिवार सहित मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और 560 ग्राम शुद्ध चांदी से तैयार रिवॉल्वर का मॉडल मंदिर मंडल को सौंपा। मुंबई में ‘गुरु कृपा ज्वेलर्स’ नाम से व्यवसाय करने वाले दगड़वाल ने बताया कि सांवलिया सेठ की कृपा से उनकी मनोकामना पूर्ण हुई है।
पहले भी मिल चुके हैं अनोखे चढ़ावे:-
पूर्व में भी मंदिर में अनूठी भेंट देखने को मिली है। उदयपुर के ललित गांग सोनू ने चांदी से निर्मित ट्रांसफार्मर और डीपी सेट सांवरिया सेठ के चरणों में अर्पित किए थे। यह भेंट बड़ीसादड़ी स्थित गोपाल पुरुषोत्तम आश्रम के स्वामी सुदर्शन महाराज की उपस्थिति में दी गई। ललित गांग सोनू उदयपुर इलेक्ट्रिकल संगठन के अध्यक्ष और हैप्पी इलेक्ट्रिकल के निदेशक हैं।
मंडफिया स्थित सांवलिया सेठ मंदिर में एक जनप्रतिनिधि भी अपने संकल्प को लेकर चर्चा में रहे। चित्तौड़गढ़ से निर्दलीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने चुनाव जीतने के बाद दो वर्ष पुराना संकल्प पूरा करते हुए चांदी का प्रेशर कुकर मंदिर में अर्पित किया। यह वही चुनाव चिन्ह था, जिस पर उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था।
पेट्रोल पंप की मन्नत भी हुई पूरी:-
डूंगला क्षेत्र के एक व्यापारी ने पेट्रोल पंप लगाने में आ रही अड़चनों के चलते श्री सांवलिया सेठ से मन्नत मांगी थी। मन्नत पूरी होने पर उसने 56 भोग के साथ चांदी से बनी पेट्रोल पंप की आकृति मंदिर में अर्पित की।


