बीकानेर: होली के उत्सव में रंग फीके न पड़ें, लोग सुरक्षित और आराम से घर पहुंचे, इसलिए रेलवे ने किए यह इंतजाम…

post 826 (1)

बीकानेर। होली के त्यौहार को लेकर घर वापसी का सिलसिला तेज हो गया है। बीकानेर से बाहर काम करने वाले मजदूर, नौकरीपेशा और छात्र बड़ी संख्या में अपने घर लौटने की तैयारी में हैं। त्योहार पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पहले से इंतजाम शुरू कर दिए हैं। बीकानेर मंडल की कई ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त डिब्बे जोड़े गए हैं, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। इसके बावजूद लंबी दूरी की कुछ ट्रेनों में वेटिंग लंबी बनी हुई है, जिससे कई लोग बसों और निजी वाहनों का सहारा ले रहे हैं।

तत्काल टिकट के लिए बढ़ी हलचल:-

होली नजदीक आते ही रेलवे की तत्काल खिड़कियों पर भी भीड़ बढ़ने लगी है। बीकानेर से हावड़ा जाने वाली ट्रेन में 28 फरवरी को थर्ड एसी में 143 और 1 मार्च को 36 वेटिंग दर्ज है, जबकि स्लीपर में 28 फरवरी को 154 और 1 मार्च को 135 वेटिंग चल रही है। वहीं दूरंतो एक्सप्रेस में 2 मार्च को 12 वेटिंग बताई जा रही है।

रणकपुर एक्सप्रेस में बीकानेर से अहमदाबाद के लिए 28 फरवरी को थर्ड एसी में 26 और 1 मार्च को 22 वेटिंग है। इसी ट्रेन के स्लीपर कोच में 28 फरवरी को 43 तथा 1 मार्च को 70 वेटिंग दर्ज की गई है।

इन ट्रेनों में बढ़ाए गए अतिरिक्त डिब्बे:-

अतिरिक्त यात्री दबाव को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों में अस्थायी बढ़ोतरी की है—

  • लालगढ़-दिल्ली सराय रोहिल्ला-लालगढ़ एक्सप्रेस में लालगढ़ से 1 से 31 मार्च तथा दिल्ली सराय से 3 मार्च से 2 अप्रैल तक दो द्वितीय शयनयान श्रेणी कोच जोड़े गए हैं।
  • बीकानेर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल रेल सेवा में बीकानेर से 4 से 25 मार्च और बांद्रा टर्मिनस से 5 से 26 मार्च तक 1 द्वितीय शयनयान व 1 थर्ड एसी श्रेणी कोच की बढ़ोतरी की गई है।
  • बीकानेर-साईनगर शिरडी साप्ताहिक स्पेशल रेल सेवा में 7 से 28 मार्च (बीकानेर) और 8 से 29 मार्च (साईनगर शिरडी) तक 1 द्वितीय शयनयान व 1 थर्ड एसी श्रेणी कोच जोड़ा गया है।
  • बीकानेर-कोलकाता एक्सप्रेस में 5 से 26 मार्च (बीकानेर) और 6 से 27 मार्च (कोलकाता) तक 1 थर्ड एसी व 1 शयनयान श्रेणी कोच बढ़ाया गया है।
  • बीकानेर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस में 2 से 30 मार्च (बीकानेर) और 3 से 31 मार्च (बांद्रा टर्मिनस) तक 1 थर्ड एसी व 1 शयनयान श्रेणी कोच की अस्थायी बढ़ोतरी की गई है।