बीकानेर: रामपुरा बस्ती में युवक की हत्या से हड़कंप, चार संदिग्ध राउंडअप, पुलिस पूछताछ जारी

बीकानेर। मुक्ता प्रसाद थाना क्षेत्र के रामपुरा इलाके में देर रात एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक युवक पिछले कई वर्षों से अपनी पत्नी से अलग रह रहा था, जिसके चलते उसका ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि देर रात हुए घटनाक्रम में रामपुरा बस्ती की गली नंबर 7 निवासी जय सिंह (पुत्र राजेंद्र सिंह) की हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मुक्ता प्रसाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
मृतक के पिता राजेंद्र सिंह ने आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को राउंडअप किया है और उनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।