Bikaner: राज्य वृक्ष खेजड़ी संरक्षण की मांग तेज, बीकानेर में महापड़ाव तीसरे दिन भी जारी, RLP ने दिया समर्थन

Bikaner: राज्य वृक्ष खेजड़ी संरक्षण की मांग तेज, बीकानेर में महापड़ाव तीसरे दिन भी जारी, RLP ने दिया समर्थन

Bikaner: बीकानेर में राज्य वृक्ष खेजड़ी को बचाने के लिए चल रहा जनआंदोलन अब व्यापक रूप ले चुका है। यह महापड़ाव अब केवल पर्यावरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी लगातार समर्थन मिल रहा है। खेजड़ी संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाने की मांग को लेकर पर्यावरण प्रेमियों के आह्वान पर सोमवार से बीकानेर में ‘खेजड़ी बचाओ महापड़ाव’ की शुरुआत हुई थी। आज आंदोलन का तीसरा दिन है, वहीं दूसरे दिन से ही इसे राजनीतिक समर्थन मिलने लगा।

RLP ने आंदोलन को दिया खुला समर्थन:-

बीकानेर कलेक्ट्रेट और बिश्नोई धर्मशाला के बाहर चल रहे ‘खेजड़ी बचाओ महापड़ाव’ में मंगलवार को गुरु जम्भेश्वर की विधिवत पूजा के बाद 500 से अधिक लोगों ने अनशन शुरू किया। राज्य की धरोहर को बचाने की इस आर-पार की लड़ाई में राजनीतिक दलों के नेता भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने आंदोलन को अपना खुला समर्थन दे दिया है।

आखिरी दम तक लड़ाई का ऐलान:-

खेजड़ी बचाओ महापड़ाव को RLP का समर्थन मिलने के बाद आंदोलन को और मजबूती मिली है। RLP के युवा नेता थानसिंह डोली आज दोपहर 12:30 बजे तक बीकानेर पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के निर्देशानुसार वे खेजड़ी बचाओ आंदोलन में सक्रिय रूप से शामिल रहेंगे। डोली ने कहा, “जब तक पर्यावरण प्रेमियों को जीत नहीं मिल जाती, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।”

एक दिन के उपवास का आह्वान:-

आंदोलन को आध्यात्मिक संबल देते हुए संत सच्चिदानंद महाराज ने सभी पर्यावरण प्रेमियों से एक दिन का उपवास रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जो लोग बीकानेर नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे अपने-अपने घरों में रहकर खेजड़ी संरक्षण का संकल्प लें और उपवास रखें। महाराज ने सोशल मीडिया के जरिए इस अभियान को वैश्विक स्तर पर ले जाने और सरकार पर दबाव बनाने की बात भी कही।

शहर में दिखा बंद का असर:-

आंदोलन के समर्थन में बीकानेर के प्रमुख व्यापारिक संगठनों ने अपने प्रतिष्ठान दोपहर तक बंद रखे। वहीं निजी स्कूलों में आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जिला मुख्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Scroll to Top