बीकानेर: इस थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर से डिस्कॉम व पुलिस टीम पर हमला, थानाधिकारी की सतर्कता से टला हादसा
बीकानेर: इस थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर से डिस्कॉम व पुलिस टीम पर हमला, थानाधिकारी की सतर्कता से टला हादसा
Bikaner News: बीकानेर, नापासर थाना क्षेत्र के मूंडसर गांव में मुंडसर–रामसर रोड पर 24 दिसंबर, बुधवार को बिजली लाइन के कार्य के दौरान डिस्कॉम व पुलिस टीम पर ट्रैक्टर से जानलेवा हमले की कोशिश का मामला सामने आया। समय रहते सहायक अभियंता कपिल देव गुप्ता द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर थानाधिकारी सुषमा शेखावत पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचीं और हालात को संभाला। रिपोर्ट के अनुसार आरडीएसएस विंग की सुपरविजन में 33 केवी लाइन का कार्य चल रहा था। इसी दौरान आरोपी बाबूलाल पुत्र तुलछीराम ने अचानक ट्रैक्टर स्टार्ट कर ठेका संस्था के कार्मिक जगदीश पुत्र रामूराम को टक्कर मारने का प्रयास किया।
इसके बाद आरोपी ने ट्रैक्टर को तेज रफ्तार में घुमाकर सहायक अभियंता कपिल गुप्ता, सहायक अभियंता रोहित घई, ठेकेदार सुभाष बलारा, सोवन कुमार सैन तथा मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की ओर दौड़ा दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी सुषमा शेखावत ने मोर्चा संभालते हुए अपनी सर्विस पिस्टल निकालकर आरोपी को कड़ी चेतावनी दी, जिसके बाद आरोपी ट्रैक्टर को दूर ले जाकर मौके से फरार हो गया। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी सुरेंद्र, प्रदीप और सीताराम ने लाठियां लेकर आरोपी को रोकने का प्रयास किया और सभी को सुरक्षित दायरे में रखा। घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस जाप्ता मौके पर बुलाकर स्थिति पूरी तरह नियंत्रित की गई।
पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर थाने भिजवा दिया है। थानाधिकारी सुषमा शेखावत के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1), 115(2), 132 सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।