Bikaner: पीबीएम अस्‍पताल में डॉक्टर से मारपीट, महिला नर्सिंग स्टाफ से अभद्रता, सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

post 880

Bikaner: पीबीएम अस्‍पताल में डॉक्टर से मारपीट, महिला नर्सिंग स्टाफ से अभद्रता, सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

Bikaner News: बीकानेर संभाग के सबसे बड़े प्रिंस बिजय सिंह मेमोरियल (पीबीएम) अस्पताल में एक बार फिर अव्यवस्था और तनाव का मामला सामने आया है। इस बार तीमारदारों ने ड्यूटी पर तैनात रेजिडेंट डॉक्टर के साथ मारपीट की और महिला नर्सिंग कर्मचारी से अभद्र व्यवहार किया। घटना के बाद डॉक्टरों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने कॉलेज प्रशासन व पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

बेड नहीं मिलने पर हुआ विवाद:-

पीबीएम शिशु अस्पताल में शुक्रवार देर रात एक बीमार बच्ची को अलग बेड नहीं मिलने को लेकर हंगामा हो गया। इमरजेंसी वार्ड के सभी बेड भरे होने के कारण बच्ची को दूसरे मरीज के साथ ही बेड पर लिटाया गया, जिससे परिजन नाराज हो गए।

डॉक्टर के समझाने पर भी नहीं माने परिजन:-

परिजनों ने बच्ची के लिए अलग बेड की मांग की। इस पर ड्यूटी पर मौजूद रेजिडेंट डॉक्टर ने बताया कि बेड खाली होते ही व्यवस्था कर दी जाएगी, लेकिन इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

मारपीट और अभद्रता का आरोप:-

आरोप है कि गुस्साए परिजनों ने डॉक्टर और महिला नर्सिंग कर्मचारी के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की, जिससे वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। अन्य स्टाफ के मौके पर पहुंचने से पहले ही परिजन मरीज की मेडिकल फाइल साथ लेकर चले गए।

कार्रवाई और सुरक्षा की मांग:-

घटना की सूचना पुलिस चौकी और कॉलेज प्रशासन को दी गई है। रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।