Big Update: राजस्थान में सरकारी नौकरी का फॉर्म भरने से पहले पढ़ें नई गाइडलाइन, नियम तोड़े तो डिबार होंगे अभ्यर्थी

post 922

Big Update: राजस्थान में सरकारी नौकरी का फॉर्म भरने से पहले पढ़ें नई गाइडलाइन, नियम तोड़े तो डिबार होंगे अभ्यर्थी

RSSB: राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी बनाने और लगातार सामने आ रहे फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) सिस्टम को और सख्त व तकनीकी रूप से उन्नत कर दिया है। बोर्ड ने इस संबंध में अभ्यर्थियों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है।

नई व्यवस्था के तहत अब भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन करते समय कुछ अनिवार्य प्रक्रियाओं का पालन करना होगा। इन नियमों की अनदेखी करने पर अभ्यर्थी को अपात्र घोषित किया जा सकता है या भविष्य की भर्तियों से डिबार भी किया जा सकता है।

RSSB का उद्देश्य आवेदन के शुरुआती चरण में ही अभ्यर्थियों की शैक्षणिक जानकारी और दस्तावेजों की जांच कर फर्जीवाड़े को पूरी तरह खत्म करना है। बीते समय में कई भर्तियों में शैक्षणिक प्रमाण पत्रों से जुड़ी अनियमितताएं सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है।

आवेदन के समय दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य:-

अब किसी भी भर्ती के लिए आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, डिग्री और अन्य जरूरी दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। इसके साथ ही OTR के दौरान भी दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य कर दिया गया है। जिन अभ्यर्थियों ने पहले OTR कर रखा है लेकिन दस्तावेज अपलोड नहीं किए हैं, उन्हें भी आवेदन से पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

जैसे ही अभ्यर्थी भर्ती फॉर्म भरने के लिए लॉगिन करेगा, सिस्टम उसे स्वतः OTR डॉक्यूमेंट डिटेल पेज पर भेज देगा, जहां सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद ही आगे की प्रक्रिया संभव होगी।

डिजिलॉकर से मिलेगी सुविधा

अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए डिजिलॉकर के जरिए भी दस्तावेज अपलोड करने का विकल्प दिया गया है। अनुमति देने पर सिस्टम डिजिलॉकर से दस्तावेज स्वतः प्राप्त कर लेगा। यदि कोई दस्तावेज वहां उपलब्ध नहीं है, तो उसे मैनुअल रूप से अपलोड किया जा सकेगा।

अपीयरिंग अभ्यर्थियों के लिए अलग नियम:-

जो अभ्यर्थी अभी परीक्षा में अपीयरिंग हैं, उन्हें पिछले वर्ष की मार्कशीट अपलोड करनी होगी। यदि परिणाम घोषित नहीं हुआ है लेकिन प्रवेश ले लिया गया है, तो प्रवेश शुल्क की रसीद देनी होगी। प्रवेश नहीं लेने की स्थिति में नोटरी से सत्यापित शपथ पत्र जमा करना होगा।

गलत दस्तावेजों पर सख्ती:-

RSSB ने स्पष्ट किया है कि अस्पष्ट, एडिट किए गए, वाटरमार्क वाले या गलत तरीके से अपलोड किए गए दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों में अभ्यर्थी को अपात्र घोषित करने के साथ डिबार की कार्रवाई भी की जा सकती है।

You may have missed