बीकानेर में एसओजी की बड़ी कार्रवाई, नकल मामले में फरार 10 हजार के इनामी आरोपी को किया गिरफ्तार
बीकानेर में एसओजी की बड़ी कार्रवाई, नकल मामले में फरार 10 हजार के इनामी आरोपी को किया गिरफ्तार
बीकानेर। एसओजी ने नकल के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर प्रतियोगी परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को एसओजी ने राजस्व अधिकारी ग्रेड-सेकंड एवं अधिशासी अधिकारी वर्ग-चतुर्थ (स्वायत्त शासन विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2022 में सामने आए नकल प्रकरण में फरार चल रहे अभियुक्त मितेश कुमार को गिरफ्तार किया। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा अनुचित साधनों के उपयोग की शिकायतें मिलने के बाद मामले की जांच की गई थी।
जांच में तकनीकी विश्लेषण के आधार पर सामने आया कि तुलछाराम कालेर और पौरव कालेर गिरोह सालासर क्षेत्र से ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से परीक्षार्थियों को नकल करवा रहा था। इस संबंध में एसओजी थाने में 19 अक्टूबर 2024 को प्रकरण दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त मितेश कुमार पुत्र हरिराम, निवासी खारी थाना कालू, स्वयं इस परीक्षा का अभ्यर्थी था और उसने पौरव कालेर गिरोह से मिलीभगत कर नकल की थी। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था, जिस पर उसकी गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसओजी द्वारा की गई इस कार्रवाई से साफ है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल कराने और करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है।