पाकिस्तान के भारत के साथ मैच न खेलने पर BCCI की प्रतिक्रिया, ICC के रुख का किया समर्थन

पाकिस्तान के भारत के साथ मैच न खेलने पर BCCI की प्रतिक्रिया, ICC के रुख का किया समर्थन

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ ग्रुप मैच नहीं खेलने के पाकिस्तान के फैसले पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। बोर्ड ने इस पूरे मामले में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के रुख का समर्थन करते हुए कहा है कि आगे की कोई भी टिप्पणी ICC से चर्चा के बाद ही की जाएगी।

BCCI का बयान:-

BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि आईसीसी टूर्नामेंट में खेल भावना सर्वोपरि है और इस मुद्दे पर ICC की ओर से जारी बयान से बोर्ड पूरी तरह सहमत है। उन्होंने कहा कि जब तक ICC से औपचारिक बातचीत नहीं हो जाती, तब तक BCCI इस मामले में कोई अतिरिक्त टिप्पणी नहीं करेगा।

पाकिस्तान का फैसला:-

इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर कहा था कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने की अनुमति दी गई है, लेकिन 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाला ग्रुप मैच टीम नहीं खेलेगी। हालांकि, इस फैसले के पीछे कोई ठोस कारण नहीं बताया गया।

ICC की सख्त प्रतिक्रिया:-

पाकिस्तान के फैसले के बाद ICC ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि किसी भी वैश्विक टूर्नामेंट में चुनिंदा भागीदारी खेल की मूल भावना के खिलाफ है। ICC ने उम्मीद जताई है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड सभी हितधारकों के हितों को ध्यान में रखते हुए कोई समाधान निकालेगा। साथ ही यह भी कहा गया कि इस फैसले से पाकिस्तान को ही सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ सकता है, क्योंकि वह इस आयोजन के प्रमुख लाभार्थियों में शामिल है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत पाकिस्तान मैच:-

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान को ग्रुप-1 में रखा गया है। इस ग्रुप में अमेरिका, नीदरलैंड और नामीबिया भी शामिल हैं। भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ करेगा, जबकि भारत-पाकिस्तान मुकाबला 15 फरवरी को प्रस्तावित है, जिस पर अब अनिश्चितता के बादल छा गए हैं।

भारत का दबदबा कायम:-

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान अब तक आठ बार आमने-सामने आए हैं, जिसमें भारत ने सात मुकाबले जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को केवल एक बार जीत हासिल हुई है।

Scroll to Top