बेकाबू कार ने सड़क पर मचाया कोहराम, 3 लोगों को उड़ाया

बेकाबू कार ने सड़क पर मचाया कोहराम, 3 लोगों को उड़ाया
जयपुर में बीती देर रात फिर से ‘हिट एंड रन’ मामला सामने आया है। शहर के विद्याधर नगर थाना इलाके में देर रात तेज रफ्तार कार ने साइकिल से घर लौट रहे 3 मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कांवटिया अस्पताल से एसएमएस अस्पताल रैफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 12.40 बजे हुआ। तीनों मजदूर एक मैरिज गार्डन में कैटरिंग का काम खत्म कर अपनी-अपनी साइकिल से जालूपुरा लौट रहे थे। जैसे ही वे क्रास मॉल के पास पहुंचे, अचानक तेज रफ्तार कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों मजदूर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद चालक कार रोकने की बजाय उसे दौड़ाता हुआ मौके से फरार हो गया।

Scroll to Top