500% टैरिफ की चेतावनी के बीच ट्रंप के भारत आने की चर्चा तेज, अमेरिकी राजदूत ने दिया बड़ा संकेत
500% टैरिफ की चेतावनी के बीच ट्रंप के भारत आने की चर्चा तेज, अमेरिकी राजदूत ने दिया बड़ा संकेत
भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ को लेकर तनाव बना हुआ है। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बयान दिया था कि जो देश रूस से तेल खरीदेगा, उस पर 500 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा। इस बयान को भारत के लिए चेतावनी के तौर पर देखा गया, क्योंकि भारत रूस से तेल आयात कर रहा है।
इसी बीच खबर है कि राष्ट्रपति ट्रंप जल्द ही भारत का दौरा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस दौरे से पीएम मोदी और ट्रंप की दोस्ती और मजबूत होगी।
मोदी-ट्रंप की दोस्ती मजबूत: अमेरिकी राजदूत
भारत में अमेरिका के नए राजदूत सर्जियो गोर ने ट्रंप के दौरे को लेकर अहम बयान दिया है। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी की दोस्ती बेहद सच्ची और मजबूत है। उन्होंने बताया कि वे खुद ट्रंप के साथ कई देशों की यात्रा कर चुके हैं। वे इस दोस्ती को अच्छे से जानते है।
जानें कब भारत आएंगे ट्रंप:-
भारत-अमेरिका संबंधों पर बात करते हुए सर्जियो गोर ने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते भरोसे और सहयोग पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि सच्चे दोस्तों के बीच कभी-कभी मतभेद हो सकते हैं, लेकिन वे बातचीत से सुलझ जाते हैं। ट्रंप की भारत यात्रा को लेकर उन्होंने उम्मीद जताई कि यह दौरा अगले एक या दो साल में हो सकता है।
भारत-अमेरिका के बीच कल ट्रेड डील पर चर्चा:-
अमेरिकी राजदूत ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के अधिकारी इस पर लगातार बातचीत कर रहे हैं। ट्रेड डील को लेकर मंगलवार को अहम चर्चा होने वाली है। उन्होंने माना कि भारत जैसे बड़े देश के साथ समझौते को अंतिम रूप देना आसान नहीं है, लेकिन दोनों पक्ष इसे पूरा करने के लिए प्रयासरत हैं। इसके अलावा भारत और अमेरिका सुरक्षा, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, स्वास्थ्य और आतंकवाद से निपटने जैसे कई क्षेत्रों में भी मिलकर काम कर रहे हैं।