Accident: डंपर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, चालक मौके से फरार

post 513 (1)

Accident: डंपर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, चालक मौके से फरार

R.खबर ब्यूरो। रतनगढ़ में मेगा हाईवे पर रिको तिराहे के समीप शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया।

पुलिस के मुताबिक, पड़िहारा निवासी बनवारी मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके चचेरे भाई सूरजाराम अपने मित्र खिराज के साथ देर रात बाइक से संगम चौराहा की ओर जा रहे थे। रिको तिराहे के पास सामने से आए डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तुरंत निजी वाहन से जालान अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल चौकी पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने बनवारी मेघवाल की रिपोर्ट के आधार पर डंपर चालक के खिलाफ लापरवाही और गलत दिशा में वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।