
Accident: गणतंत्र दिवस समारोह से लौट रहीं छात्राओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, 30 से ज्यादा घायल
Accident News: डीडवाना–कुचामन जिले के डीडवाना उपखंड क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ग्राम खरवालिया के पास राजकीय विद्यालय मंडूकरा की छात्राओं से भरी एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप में सवार 30 से अधिक छात्राएं घायल हो गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकीय विद्यालय मंडूकरा की छात्राएं गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेकर ग्राम भंवाद वापस लौट रही थीं। इसी दौरान खरवालिया के पास पिकअप चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पलट गया। वाहन में अधिक संख्या में छात्राएं सवार थीं, जिससे पलटते ही कई छात्राएं घायल हो गईं।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल छात्राओं को निजी वाहनों और एंबुलेंस की सहायता से राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल, डीडवाना पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचते ही घायल छात्राओं के परिजनों की भीड़ जमा हो गई। डॉक्टरों की टीम द्वारा सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है, वहीं कुछ छात्राओं की हालत पर नजर रखी जा रही है।


