Accident News: स्कूल बस और कचरा वाहिनी की भिड़ंत, बाल-बाल बचे स्कूली बच्चे
Accident News: जोधपुर, मण्डोर थाना क्षेत्र के निंबा नीमड़ी इलाके में मंगलवार दोपहर बाल वाहिनी (स्कूल बस) और कचरा संग्रहण में लगी ऑटो टिपर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस अचानक रुक गई, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी स्कूली बच्चे और चालक सुरक्षित रहे और कोई हताहत नहीं हुआ।
मौके पर जुटी भीड़:-
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाल वाहिनी में करीब एक दर्जन छोटे बच्चे सवार थे। टक्कर के बाद बच्चे घबरा गए, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बस का दरवाजा खोलकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। बच्चों को पास की दुकान में बैठाकर पानी पिलाया गया और उन्हें शांत कराया गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा:-
सूचना मिलने पर मण्डोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हादसे का पूरा घटनाक्रम इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव अधिक रहता है और स्कूल बसों व कचरा वाहनों की आवाजाही से हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था सुधारने और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस दोनों वाहनों के चालकों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


