Accident News: परीक्षा देकर लौट रहे B.Tech छात्र की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार ट्रोले ने कुचला, 6 साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

post 710 (1)

Accident News: परीक्षा देकर लौट रहे B.Tech छात्र की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार ट्रोले ने कुचला, 6 साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

Accident News: कोटा के अनंतपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में रेलवे जूनियर इंजीनियर (जेई) परीक्षा देकर लौट रहे युवक की मौत हो गई। आमने-सामने की टक्कर के बाद युवक और उसकी स्कूटी ट्रोले के नीचे फंस गए। आरोप है कि चालक वाहन रोकने के बजाय करीब 100 मीटर तक उसे घसीटता ले गया और बाद में मौके से फरार हो गया।

अनंतपुरा थाना पुलिस के अनुसार, ट्रोले में सवार एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए डिटेन किया गया है। हादसे के बाद ट्रोला और स्कूटी को जब्त कर लिया गया है तथा चालक की तलाश की जा रही है।

झालावाड़ का रहने वाला था युवक:-

थाना प्रभारी रमेश कविया ने बताया कि मृतक सुजीत पारेता (35) मूल रूप से असनावर (अकलेरा, जिला झालावाड़) का निवासी था। वह वर्तमान में कोटा के महावीर नगर इलाके में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।

परीक्षा देकर लौटते समय हुआ हादसा:-

परिजनों के मुताबिक, सुजीत ने इलेक्ट्रिकल में बीटेक किया था और पढ़ाई के साथ पार्ट-टाइम काम भी करता था। गुरुवार सुबह वह रानपुर स्थित परीक्षा केंद्र पर रेलवे जेई की परीक्षा देने गया था। दोपहर तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार ने फोन किया, तब पुलिस से हादसे की सूचना मिली।

6 साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया:-

गंभीर हालत में उसे न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सुजीत विवाहित था और उसका छह साल का बेटा है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रोला चालक की तलाश जारी है।

You may have missed