Accident News: तेज रफ्तार कार ने स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को मारी टक्कर, नाले में गिरा वाहन; चालक की हालत गंभीर

post 1347 (1)

कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। उद्योग नगर थाना क्षेत्र के डीसीएम रोड पर तेज रफ्तार कार ने स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर पास के गहरे नाले में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

राहगीरों ने बचाई जान:-

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो में फंसे बच्चों और चालक को बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

दो बच्चे और चालक की हालत गंभीर:-

सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एएसआई आरिफ हुसैन ने बताया कि हादसे में ऑटो में सवार पांच स्कूली बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। वहीं, ऑटो चालक साजिद को सिर में गंभीर चोट आई है। उसे इलाज के लिए एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

टक्कर मारकर फरार हुआ कार चालक:-

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑटो चालक साजिद बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो चालक नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन नाले में जा गिरा। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस जांच में जुटी:-

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।