ACB Action: ACB की बड़ी कार्रवाई, पटवारी को इतने रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार
ACB Action: ACB की बड़ी कार्रवाई, पटवारी को इतने रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार
जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को चार हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी की जोधपुर ग्रामीण इकाई ने की।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी खारिया मीठापुर, तहसील बिलाड़ा स्थित खातेदारी जमीन में दादी के नाम संशोधन के लिए हल्का पटवारी रोहित कुमार पांच हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के सत्यापन के दौरान यह सामने आया कि आरोपी ने पांच हजार की मांग की थी, लेकिन मोलभाव के बाद चार हजार रुपए लेने पर सहमति जताई।
इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस सोनी के नेतृत्व में एसीबी टीम ने जाल बिछाया और आरोपी पटवारी को परिवादी से चार हजार रुपए लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में आगे की जांच जारी है।