नगर-निगम के होमगार्ड ने रिश्वत मांगी, एसीबी में मुकदमा दर्ज
नगर-निगम के होमगार्ड ने रिश्वत मांगी, एसीबी में मुकदमा दर्ज
अलवर। अलवर नगर निगम की EO निशा लखानी व बाबू रितिक चौधरी के नाम से होमगार्ड कॉन्स्टेबल संजय शर्मा की ओर से दो लाख रुपए मांगने पर एसीबी ने मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित से दबाव बनाकर पहले एक लाख रुपए व बाद में रिश्वत दो लाख की डिमांड करने वाले होमगार्ड कॉन्स्टेबल संजय शर्मा को लेकर पुष्टि कर दी है। अन्य अधिकारियों के शामिल होने की जांच जारी है। ट्रेप की कार्रवाई के समय संजय को भनक लग गई। एसीबी अलवर ने निगम अधिकारी व होमगार्ड के खिलाफ भ्रष्टाचार की धाराओं में 2 जनवरी को मामला दर्ज किया है। यह मामला परिवादी जगन कुमार निवासी मोहल्ला खारवास अलवर ने दर्ज कराया। एसीबी की ओर से कराई गई सत्यापन रिकॉर्डिंग में सामने आया कि परिवादी के पिता ने विजय मंदिर रोड स्थित एक प्लॉट, जिसे इकरारनामे से खरीदा था। इस पर कबाड़ का भंडारण कर रखा था।
नगर निगम अलवर में कार्यरत होमगार्ड संजय कुमार शर्मा ने कबाड़ का भंडारण न हटाने की एवज में पहले एक लाख रुपए रिश्वत मांगे। वहीं रिश्वत नहीं देने पर आरोपी ने निगम की टीम को बुलाया। इसमें ईओ निशा लखानी व रितिक चौधरी होमगार्ड के साथ पहुंचा और ट्रैक्टर मंगवाकर प्लॉट से कबाड़ उठवा दिया। इसके बाद आरोपी ने दोबारा परिवादी से संपर्क कर रिश्वत राशि को डबल करते हुए दो लाख रुपए की मांग की। यह राशि नगर निगम में कार्यरत कर्मचारी निशा लखानी और लिपिक ऋतिक चौधरी के नाम से मांगी। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि नगर निगम की ओर से कबाड़ हटाने के लिए जारी किया गया नोटिस वह निरस्त करवा देगा। परेशान होकर परिवादी ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को शिकायत की।